फंदे पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया साथियों पर हत्या का आरोप
punjabkesari.in Monday, Dec 08, 2025 - 09:47 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पालम विहार थाना के अंतर्गत कार्टरपुरी गांव में किराये के कमरे में रहने वाले एक युवक की पांच दिसंबर की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छह दिसंबर की सुबह युवक का शव कमरे में फंदे से परने से लटका मिला। मृत युवक के परिवार वालों ने साथी कर्मचारियों पर मारपीट व हत्या करके फंदे पर शव लटकाने के का आरोप लगाए हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
मृत युवक की पहचान मुजफ्फरपुर (बिहार) के रामपुर मैनार गांव निवासी राजकुमार (21) के रूप में हुई है। राजकुमार सोसाइटियों में कबूतर जाली लगाने का काम करता था और कार्टरपुरी में अन्य कर्मचारियों के साथ रहता था। इसी घर में उनका मालिक भी रहता था। मृतक राजकुमार के पिता ने बताया कि 5 दिसंबर की रात एक बजे मोबाइल पर उनकी राजकुमार से बातचीत हुई थी तो उसने साथी कर्मचारियों के साथ हुए झगड़े के बारे में बताया था। छह दिसंबर की सुबह करीब बजे उनके ही गांव के रहने वाले सोनू ने उनको राजकुमार के फंदा लगाकर आत्महत्या करने के बारे में सूचना दी थी। मृतक राजकुमार के परिवार वाले सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे। परिवार वालों ने जब मामले की जानकारी की तो पता चला कि जिस कमरे में राजकुमार (मृतक) रहता था, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। 5 दिसंबर की रात एक बजे से सुबह 6.30 बजे तक सीसीटीवी कैमरे बंद थे।
परिवार वालों ने जब राजकुमार के साथ रहने वाले अन्य लोगों से बात की तो पता चला कि रात में साथी कर्मचारियों से झगड़ा होने के बाद राजकुमार को अपने कमरे में अकेला सोने गया था। सुबह जब अन्य लोग पहुंचे तो वह कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। साथी कर्मचारी फंदा काटकर राजकुमार को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल से पालम विहार थाने की मामले के बारे में सूचना दी गई। परिवार वालों ने साथी कर्मचारियों पर साजिश के साथ हत्या की आशंका जताई है।
जांच अधिकारी मुनीष ने बताया कि सोमवार को डॉक्टरों के बोर्ड से मृत राजकुमार के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम में फंदा लगाने से ही मौत होने की बात सामने आई है। अभी तक साथी कर्मचारियों के साथ झगड़ा होने की बात सामने आई है। मामले में अन्य बिंदुओं के आधार पर भी छानबीन की जा रही है। जांच में कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।