हरियाणा में आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों में अतिरिक्त बाहरी फोर्स की आवश्यकता नहीं : डीएस कल्याण
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 07:19 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त डीएस कल्याण का कहना है कि राज्य में जल्द ही नगर निगम और पंचायत के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि मतदाता जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, क्योंकि जिन प्रतिनिधियों को जनता अपने वोट से चुनती है, वही आगे चलकर शहरों और गांवों के विकास की दिशा तय करते हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे पहले नगर निगम चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनावों में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम शामिल हैं। इसके अलावा रेवाड़ी, धारूहेड़ा और सांपला में भी चुनाव होने हैं। इन चुनावों के बाद उन पंचायतों में उपचुनाव कराए जाएंगे, जहां किसी कारणवश पद रिक्त हो गए हैं।
डीएस कल्याण ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में राज्य सरकार और जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में आगामी नगर निगम और पंचायत चुनावों में अतिरिक्त बाहरी फोर्स की आवश्यकता नहीं, पुलिस फोर्स चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सक्षम है। हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त डीएस कल्याण ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य चुनाव आयोग का उद्देश्य है कि हर मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करे और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले।
चुनाव आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा में चुनाव हमेशा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होते रहे हैं। राज्य का रिकॉर्ड रहा है कि यहां मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होती है। इसी वजह से यहां पर अतिरिक्त बाहरी फोर्स की आवश्यकता बहुत कम पड़ती है। राज्य की पुलिस फोर्स ही चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का मतदाता काफी जागरूक है और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझता है। फिर भी चुनाव आयोग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहना चाहिए क्योंकि उनका एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए युवाओं को मतदान के दिन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक और सक्रिय मतदाता ही लोकतंत्र की असली ताकत होते हैं और उनके सहयोग से ही राज्य व देश का विकास संभव है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)