नूंह में ज्वेलर्स लूट मामला सुलझा, 3 आरोपी गिरफ्तार, चांदी के आभूषण, अवैध हथियार सहित नकदी बरामद
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 04:42 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले में थाना पिनगवां के अंतर्गत दर्ज ज्वेलर्स चोरी मामले में नूंह पुलिस ने शानदार सफलता हासिल की है। बीते साल के दिसंबर की रात को पिनगवां कस्बे में हुई चोरी की इस वारदात में पुलिस ने अब तक 3 मुख्य आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जांच के दौरान कुल 20 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण और ईंट अवैध हथियार तथा नकदी बरामद की है। पुलिस आगामी जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने प्रैसवार्ता में बताया कि बीते साल 27-28 दिसंबर की रात बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर गठित 6 विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में समन्वय के साथ छापेमारी की। इसके बाद सबसे पहले गुरुग्राम व नूंह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मुख्य आरोपी यादराम निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश, हाल जयपुर को गुरुग्राम से काबू किया। जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उसके मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

फिर 23 जनवरी को बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने वाले अर्जुन निवासी बदायूं, हाल जयपुर को गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए 25 जनवरी को नूंह सीआईए पुलिस की एक टीम ने आर्य सिंह उर्फ भारत निवासी बदायूं, हाल जयपुर/अजमेर तमिलनाडु के सेलम से गिरफ्तार किया। इन सभी से अलग-अलग रिमांड अवधि के दौरान कड़ी पूछताछ की गई थी। सबसे पहले 23 जनवरी को यादराम के मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी आभूषण बरामद किए गए।
इसके बाद 28 जनवरी को आर्य सिंह से काशगंज यूपी से 5.691 किलोग्राम चांदी की ईंट बरामद हुई तत्पश्चात 29 जनवरी को आर्य सिंह की पत्नी प्रीति की दुकान गहना ज्वेलर्स जयपुर से 12.910 किलोग्राम चांदी के आभूषण सहित 794.78 ग्राम और चांदी कुल लगभग 20.045 किलोग्राम चांदी की सामग्री मिली। 1 फरवरी को आर्य सिंह के गांव धनुपुरा स्थित मकान से एक अवैध देशी कट्टा व एक जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपये नकद मिले।

यह सफलता टीम वर्क अंतरराज्यीय समन्वय और लगातार जांच का नतीजा है। मुख्य आरोपी यादराम पर 1 लाख रुपये का इनाम था। मुकदमा में जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)