तार का नाप लेने टावर पर चढ़ा बिजली कर्मचारी, करंट लगने से बुरी तरह झुलसा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 12, 2020 - 11:18 AM (IST)

मंडी आदमपुर (गोयल) : आदमपुर 132 के.वी. बिजलीघर में मंगलवार सुबह 33 के.वी. टावर पर तार का नाप लेने के लिए चढ़ा ए.एल.एम. सुभाष अचानक इंडैक्शन करंट आने से बुरी तरह झुलस गया। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद सह कर्मियों ने सुभाष के जलते हुए कपड़ों को फाड़कर नीचे उतारा और एम्बुलैंस में हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया।

जानकारी अनुसार सुबह करीब साढ़े 9 बजे गांव सीसवाल निवासी ए.एल.एम. सुभाष आदमपुर बिजली घर में तार का नाप लेने के लिए बिजली के 33 के.वी. टावर पर चढ़ा था। इस दौरान लाइन की बिजली की सप्लाई बंद की गई थी। जैसे ही सुभाष तार का नाप लेने लगा तो साथ लगती लाइन से इंडैक्शन करंट आने से कपड़ों में आग लग गई। शोर सुनकर आसपास काम कर रहे कर्मियों ने बचाव कार्य शुरू किया।

इस दौरान करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मियों ने सुभाष के जलते कपड़े फाड़कर नीचे उतारा। कर्मियों ने गंभीर हालत में सुभाष का हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। हादसे के बाद एस.डी.ओ. देशदीप हंसू ने विभाग के कर्मियों से जानकारी ली। बताया जाता है कि इस दौरान परमिट नहीं लिया गया था। इस बारे में एस.डी.ओ. ने कर्मियों से लिखित में जवाब मांगा है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static