हरियाणा के नूंह में पुलिस एनकाउंटर, गोतस्कर के पैर में गोली लगी; मवेशी और अवैध हथियार बरामद
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 01:19 PM (IST)
नूंह : हरियाणा के नूंह जिले की पुलिस ने मंगलवार को नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास मुठभेड़ के बाद एक कथित गोतस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
आरोपी हमास खान उटावड़ गांव निवासी है और उसे उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम ने एक वैन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन से बैरिकेड में कथित तौर पर टक्कर मारने के बाद पुलिस दल पर गोलीबारी कर दी।
पुलिस के अनुसार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खान के पैर में गोली लगी जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि टीम ने मौके से चार मवेशी, एक अवैध हथियार, कारतूस और वैन बरामद की। नूंह के सदर थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।