नाबालिग हुई लापता तो पुलिस ने FIR दर्ज कर की खानापूर्ति, CP ने लगाई फटकार तो 8 घंटे में राजस्थान से बरामद हुई नाबालिग
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 09:21 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): कहते हैं अगर पुलिस चाहे तो अपराधी को खुली छूट देकर पीड़ित की शिकायत पर खानापूर्ति कर सकती है और अगर पुलिस अपना असल रूप दिखाए तो अपराधी को चंद मिनटों में ही सबक सिखाते हुए अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगा सकती है। ऐसा ही एक मामला गुड़गांव में आया है जहां 14 साल की नाबालिग के लापता होने की शिकायत पर सेक्टर-37 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर खानापूर्ति कर दी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
करीब 20 दिन तक जब कोई कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित परिवार थाने के चक्कर काटते हुए थक गया तो पीड़ित परिवार पुलिस आयुक्त शिवास कबिराज के समक्ष पेश हो गया। पुलिस कमिश्नर ने न केवल थाना पुलिस को फटकार लगाई बल्कि मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया। अपराध शाखा ने महज 8 घंटे में ही नाबालिग को राजस्थान के दौसा जिले से बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक जब मामला पूरी तरह से खुला तो सामने आया कि आरोपी शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा दिया था। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश कर उसकी न केवल काउंसलिंग कराई बल्कि उसके मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराने के साथ ही मामले में पोक्सो से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, पुलिस कमिश्रर शिवास कबिराज से उनके ऑफिस में पीड़ित परिवार मिला और बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 29 अप्रैल 2026 से लापता है। पुलिस कमिश्रर ने इस मामले में जांच विशेष रूप से क्राइम ब्रांच को सौंपी, जिसके बाद मानेसर क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए निर्देश मिलने के 8 घंटे के अंदर ही लापता नाबालिग को राजस्थान के दौसा जिले से बरामद कर लिया। अपराध शाखा की टीम ने यहां से आरोपी को भी काबू कर लिया। जिसकी पहचान राजस्थान के दौसा जिला निवासी चेतन (19) के रूप में हुई। अपराध शाखा की टीम ने नाबालिग को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समक्ष पेश किया जहां उसकी काउंसलिंग कराई। इसके साथ ही नाबालिग के मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराए गए जिसमें उसने आपबीती बताई। इसके बाद मामले में पुलिस ने पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं को जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।