नशे में चला रहे थे गाड़ी, 1780 के किए चालान, 3 गाड़ियां जब्त
punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): ड्रिंक एंड ड्राईव करने पर ट्रैफिक पुलिस ने 1780 वाहन चालकों के चालान करते हुए तीन वाहनों को इंपाउंड किया है। पुलिस कमिश्रर विकास अरोड़ा व डीसीपी ट्रैफिक डा. प्रतीक गहलोत के निर्देशानुसार एससीपी ट्रैफिक हेडक्वार्टर/हाईवे सत्यपाल की देखरेख में ट्रैफिक पुलिस ने अप्रैल माह के दरमियान यह कार्रवाई की।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
डीसीपी ट्रैफिक डा. प्रतीक गहलोत द्वारा ट्रैफिक पुलिस की विभिन्न पुलिस टीमों का गठन करके उनको चिन्हित स्थानों पर विशेष आदेश/निर्देश देकर तैनात किया गया। विशेष अभियान के तहत 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक पुलिस टीमों को नाका लगाकर चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान ड्रिंक एंड ड्राईव करते पाए गए 1780 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर-व्हीकल अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान किए गए। वहीं तीन वाहनों को इंपाउंड किया गया। ड्रिंक एंड ड्राइव करने वाले वाहन चालकों का चालान के दौरान लाइसेंस भी 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जाता है। इस 3 महीने की अवधी के दौरान वो चालक किसी भी वाहन को नही चला सकता।
डीसीपी ट्रैफिक डा. प्रतीक गहलोत ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य ड्रिंक एंड ड्राईव करने वाले वाहन चालकों पर नकेल कसना तथा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराते हुए यातायात का संचालन व्यवस्थित तथा सुरक्षित करना है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा समय-समय पर रात के समय विशेष नाके लगाकर वाहनों को चैक किया जाता है और शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों/मालिकों के नियमानुसार चालान किए जाते है। गुरुग्राम पुलिस के द्वारा इस प्रकार के चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।