हरियाणा कांग्रेस में बड़े पैमाने पर बदलाव की तैयारी

punjabkesari.in Thursday, May 03, 2018 - 08:17 AM (IST)

हिसार(संजय अरोड़ा): हरियाणा विधानसभा के अगले वर्ष होने वाले चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस हाईकमान द्वारा प्रदेश में पार्टी को धरातल पर मजबूत करने व कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी को समाप्त करने की कवायद के तहत एक विशेष फार्मूले पर तेजी से होमवर्क शुरू हो गया है।

ऐसी संभावना है कि इसी माह में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस में बड़े पैमाने पर बदलाव किया जा सकता है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार इस बदलाव के तहत न केवल प्रदेश कांग्रेस को नया प्रभारी मिल जाएगा, बल्कि प्रदेश कांग्रेस के अहम पदों पर नए चेहरे नजर आ सकते हैं। इन सूत्रों के अनुसार इस संभावित बदलाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ-साथ विधायक दल के नेता पद पर भी नए चेहरों का आना लगभग तय माना जा रहा है।

गौरतलब है कि वर्ष 2019 में न केवल हरियाणा विधानसभा के ही चुनाव हैं अपितु संसदीय चुनाव भी इसी वर्ष होने हैं। भाजपा व इनैलो-बसपा गठबंधन के साथ साथ आम आदमी पार्टी व कई अन्य पार्टियों की अभी से सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने भी अपनी नई रणनीति पर फोकस करते हुए पार्टी में इस संभावित बड़े बदलाव की मंथन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

कांग्रेस हाईकमान के इस नए फार्मूले के तहत तमाम बड़े नेताओं को नई जिम्मेदारियां देते हुए समायोजित करने की दिशा में प्रदेश कांग्रेस में कई नए पद भी सृजित किए जा सकते हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ-साथ 2 या इससे भी अधिक नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।

इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तर की एक समन्वय समिति बनाने के साथ-साथ एक चुनाव प्रचार अभियान समिति भी गठित की जा सकती है। इन दोनों ही समितियों में एक-एक चेयरमैन व एक-एक संयोजक के अलावा 11 से 21 तक सदस्यों को शामिल किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static