एक ही गोत्र में शादी को लेकर बवाल: बावल में बनवारे के दौरान दो पक्षों में पथराव और लाठी-डंडे, कई लोग घायल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 09:35 AM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले के बावल कस्बे की वाल्मीकि बस्ती में मंगलवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बनवारा (बारात से पूर्व निकाला जाने वाला जुलूस) के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। एहतियात के तौर पर बस्ती में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार वाल्मीकि बस्ती निवासी राकेश के बेटे अंकित की आज सारवान गोत्र की एक लड़की से शादी होनी है। मंगलवार रात दूल्हा पक्ष की ओर से बनवारा निकाला जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोगों पर घात लगाकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया।
सुनियोजित हमले का आरोप: दूल्हे के चाचा और भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पुष्प कुमार ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात उनके भतीजे अंकित का बनवारा निकाला जा रहा था। उसी दौरान बस्ती में प्रेम कुमार और जगदीश पहले से लाठियां लेकर बैठे हुए थे। अचानक उनके घरों की ओर से बनवारे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए गए। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें उनके बेटे अमित समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस सुरक्षा में बनवारा निकलवाया गया।

एक ही गोत्र में शादी को लेकर विवाद: पुष्प कुमार का कहना है कि बस्ती में सारवान गोत्र के परिवार रहते हैं और पहले भी उनके गोत्र तथा सारवान गोत्र के बीच आपसी सहमति से शादियां हो चुकी हैं। उस समय किसी ने आपत्ति नहीं जताई थी। अब उनके भतीजे की शादी सारवान गोत्र की लड़की से होने पर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी उन्हें इस शादी को लेकर धमकियां दी गई थीं और इसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी।
करीब आधी बस्ती कर रही विरोध
वाल्मीकि बस्ती में करीब 50 परिवार रहते हैं, जिनमें लगभग आधे परिवार सारवान गोत्र के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 परिवार इस शादी का विरोध कर रहे हैं।
बावल थाना प्रभारी ने बताया कि राकेश के परिवार की ओर से पहले शिकायत दी गई थी, लेकिन उसमें किसी का नाम नहीं बताया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत भी की थी। मंगलवार रात बनवारे के दौरान अचानक विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शादी संपन्न होने तक बस्ती में पुलिस बल तैनात रहेगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)