Cold in haryana: ठंड से ठिठुरे हरियाणवी, तापमान में भारी गिरावट...IMD ने किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी
punjabkesari.in Saturday, Jan 03, 2026 - 08:36 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने ठंड के सीजन में प्रदेश में पहली बार कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज 3 जिलों में बहुत घने कोहरे की संभावना जताई है। जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल जिले शामिल हैं। राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
इन जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी
पंचकूला, यमुनानगर, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ स्थानों पर भी घना कोहरा रहने की संभावना है। इन जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी है। वहीं राजस्थान से सटे महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी के अलग-अलग हिस्सों में आज शीतलहर की चेतावनी दी गई है।
किसान इन बातों का रखें ध्यान
किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए ही सिंचाई करें। आने वाले दिनों में पाला पड़ने और तापमान गिरने की संभावना है, इसलिए हल्की सिंचाई फसलों को ठंड से बचाने में मदद कर सकती है। सब्जी वाली फसलों (जैसे टमाटर, मिर्च) को पाले से बचाने के लिए शाम के समय खेतों की उत्तर-पश्चिमी दिशा में घास-फूस जलाकर धुआं करें या फसल को प्लास्टिक या सरकंडे से ढंक दें।
वहीं रात के समय तापमान में गिरावट आ सकती है। पशुओं को रात के समय खुले में न बांधें, उन्हें पक्के शेड या ढके हुए स्थानों पर रखें। दुधारू पशुओं को ठंड से बचाने के लिए उनके आहार में खनिज मिश्रण शामिल करें और उन्हें ऊर्जा देने के लिए गुड़ या अतिरिक्त दाना दें। फर्श पर पुआल या सूखा चारा बिछाएं ताकि पशुओं को जमीन की ठंड न लगे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)