टक्कर ऐसी कि उड़ गए कार के परखच्चे...जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 02:29 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक एक कार को तेज़ रफ़्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इतना ही नहीं दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात शुभम अपने दोस्तों राहुल गिल, उमंग बेनीवाल, सनी और राहुल खत्री के साथ उमंग बेनीवाल की कार में सवार होकर चाय पीने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार बामडोली रेड लाइट पार कर द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ी, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में राहुल गिल और उमंग बेनीवाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल खत्री को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने घायल शुभम की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।