NEET पेपर लीक मामला- गुड़गांव से छात्र को हिरासत में लेकर राजस्थान ले गई एसओजी

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 09:32 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) पेपर लीक मामले राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फर्रूखनगर से एक 22 वर्षीय युवक यश को हिरासत में लिया है। देर रात फर्रुखनगर के गांव खेडा खुर्मपुर पहुंची एसओजी ने छात्र का मोबाइल भी जब्त कर लिया और पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गई। छात्र मंजीरा देवी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल उत्तराखंड से बीएएमएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। छात्र के परिजनों ने बताया कि देर रात को टीम उनके घर पहुंची थी और छात्र को अपने साथ ले गई।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

एसओजी की जांच में सामने आया है कि छात्र जब राजस्थान के सीकर में नीट की कोचिंग ले रहा था, उसी दौरान उसकी मुलाकात पेपर लीक करने वाले गिरोह के सदस्यों से हुई थी। छात्र पर आरोप है कि पूरे रैकेट में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि राजस्थान की एसओजी को छात्र पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उसके पास प्रश्न पत्र महाराष्ट्र के नासिक से पहुंचा था। यह प्रश्न पत्र सबसे पहले राजस्थान के दो भाइयों को 30 लाख रुपये में 26 अप्रैल को बेचा था। 29 अप्रैल को दो भाइयों ने नीट का पेपर राजस्थान के सीकर में बेचा गया था। उसके बाद सीकर में यह परीक्षा पत्र कई कोचिंग सेंटर और व्हाट्सऐप चैनल चलाने वाले लोगों को भेजा गया था।  

 

जांच में यह भी पता चला कि गिरोह ने चालाकी बरतते हुए असली पेपर को सीधे बेचने के बजाय उसे गेस पेपर का नाम दिया था। इस गेस पेपर में 400 से अधिक सवाल शामिल किए गए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इन 400 सवालों के भीतर ही तीन मई की परीक्षा के बायोलॉजी के सभी 90 और केमिस्ट्री के 45 असली सवाल छिपा दिए गए थे। अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया था कि वे इन सवालों को रट लें ताकि परीक्षा में उनका चयन सुनिश्चित हो सके।


आपको बता दें कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है और एसओजी ने पैसों के लेन-देन से जुड़े सभी डिजिटल और दस्तावेजी सबूत केंद्रीय जांच एजेंसी के साथ साझा कर दिए हैं। एसओजी के अधिकारियों ने बताया कि छात्र के बैंक खातों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और हालिया मुलाकातों की गहन जांच की जानकारी सीबीआई को सौंप दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static