सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के प्रचार सलाहकार बनाए गए तरुण भंडारी के साथ खास बातचीत

punjabkesari.in Wednesday, Jan 18, 2023 - 10:19 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के साथ कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करने वाले, बिना संगठन के 6 वर्ष तक बड़ी बेहतरी से कार्य करने वाले, पंचकूला के पूर्व मेयर  तरुण भंडारी को प्रदेश सरकार में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के प्रचार सलाहकार जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री द्वारा उन पर किए गए इस बड़े विश्वास को लेकर वह अब किस प्रकार से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे, सरकार द्वारा किए गए कार्यों का प्रचार अब और कितनी स्पीड पकड़ेगा, इस दिशा को लेकर पंजाब केसरी ने वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण भंडारी से कई महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की। जिसमें वह राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पूरी तरह से आक्रामक भी नजर आए और उन्होंने कांग्रेस को भाजपा के लिए कोई चुनौती ना बताते हुए दावा किया कि विपक्ष द्वारा आंकड़ों के हेरफेर से झूठ फैलाने वाले प्रयासों को जनता खूब समझ रही है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों से लाभान्वित जनता तीसरी बार सरकार बनाएगी, यह तय है। उनसे हुई बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

 

प्रश्न:- पब्लिसिटी मीडिया एडवाइजर पर आपकी तैनाती को लेकर क्या कहेंगे ?

 उत्तर:- मेरे जैसे व्यक्ति पर मुख्यमंत्री ने इतना भरोसा जताया, इसके लिए मैं उन का तहे दिल से आभारी हूं और विश्वास दिलाता हूं कि उनके द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर खरा उतरूंगा।

 

 प्रश्न:- पंजाबी बेल्ट मानी जाने वाली जीटी रोड बेल्ट पर राहुल की यात्रा का फोकस क्या पंजाबियों को रिझाने का प्रयास मानते हैं ?

उत्तर:- राहुल की यात्रा पूरे देश में घूम कर गई। इस प्रकार की समय-समय पर यात्राएं निकलती रही है। इस यात्रा का कोई भी असर- कोई भी लाभ कांग्रेस को नहीं मिलेगा। क्योंकि पिछले 8 वर्षों में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जिस प्रकार से हर वर्ग किसान- मजदूर- कर्मचारी- व्यापारी- दुकानदार तरह तरह की तमाम योजनाओं के जरिए लाभान्वित किए गए, व्यापक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने को लेकर कई अहम कदम उठाए गए, जिस प्रकार से प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए बोली लगाए जाने जैसे सिस्टम को समाप्त करके काबिल बच्चों को रोजगार दिए गए, इससे जनता का सरकार के प्रति बेहद विश्वास स्थापित हुआ है। इसलिए इस यात्रा का मैं नहीं मानता कि कोई भी असर लोगों के दिलों दिमाग पर होगा।

 

 प्रश्न:- कांग्रेस के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी बखूबी निभाने के बाद अब भाजपा में मिली यह बड़ी जिम्मेदारी को क्या चुनौतीपूर्ण मानते हैं ?

उत्तर:- भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश में इतना विकास किया है कि इससे यह काम बेहद आसान रहेगा। हमारा छोटे से जिले पंचकूला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा हजारों करोड़ों रुपए की योजनाएं दी गई, ना केवल पंचकूला प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्र आज विकास की गंगा में बह रही है। कोई गली-कुचा ऐसा नहीं रहा जो कच्चा या टूटा फूटा हो। लगातार विधायकों द्वारा की जाने वाली अपने क्षेत्र के विकास की डिमांड पूरी हो रही है। लेकिन जितना कार्य किया गया, उतना प्रचार नहीं हो पाया। जन जन तक सरकार की कार्यशैली को पहुंचाने का हम काम करेंगे। 8 साल में सरकार द्वारा लाई गई जन हितेषी योजनाओं के प्रचार से जनता भी जागरूक होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनमानस पात्र व्यक्ति तक पहुंचेगा। मुख्यमंत्री का यही सपना है और हम इसे पूरा करने का प्रयास करेंगे।

 

 प्रश्न:- पिछली सरकारों और अब की सरकार में क्या अंतर मानते हैं ?

 उत्तर:- हमारा कार्य केवल हमारी सरकार का प्रचार नहीं बल्कि हम जनता तक पिछली सरकारों ने क्या किया, यह भी पहुंचाने का काम करेंगे। जिस प्रकार से मुद्दा विहीन विपक्ष जनता को भ्रमित करने का काम कर रहा है, अपने लोगों के आंकड़े पेश कर असली आँकड़ों के हेरफेर से झूठ फैलाया जा रहा है। इस भ्रम की स्थिति को खत्म करने का काम हम बेहतरी से करने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे गरीब पात्र व्यक्ति को तमाम योजनाओं से लाभान्वित करके दूसरे सक्षम व्यक्तियों के बराबर लाने के प्रयास लगातार आगे बढ़ा रहे हैं, उनका सही लाभ जनता तक पहुंचे, इसके लिए भी प्रचार बेहद महत्वपूर्ण है।

 

प्रश्न:- इस कार्यभार में निसंदेह आपका पुराना अनुभव भी आपका सहयोगी बनेगा ?

उत्तर:- आप जैसे भाइयों की मदद से हम लोगों तक सच्चाई पहुंचाने का काम करेंगे। सच का प्रचार ज्यादा मुश्किल नहीं होता। हमारा काम जनता तक पहुंचाना ही है। सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य और लोगों के लिए सिद्ध हुई लाभकारी योजनाएं किसी से छुपी नहीं है और जो बातें कुछ कम प्रचार हो पाई है, वह हम जनता के सामने रखेंगे।

 

 प्रश्न:- आज की कांग्रेस को कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं, क्योंकि बेशक उदयभान अध्यक्ष हो लेकिन रिमोट कंट्रोल पिता पुत्र के हाथ में माना जाता  है ? 

 उत्तर:- हमारे लिए कांग्रेस कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस आपस में ही लड़ लड़कर खत्म होती जा रही पार्टी है। यात्रा में कितने लोग शामिल हुए यह बात किसी से छुपी नहीं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तो कांग्रेस अपनी बपौती बना रखी है। अवतार सिंह भड़ाना- राव इंद्रजीत- डॉ अरविंद शर्मा-  विरेंद्र डूमरखा- रमेश कौशिक- अशोक तंवर जैसे लोगों की बदौलत उनकी सरकार बनती थी। इन लोगों ने पार्टी को सींचा है और अब ताजा उदाहरण कुलदीप बिश्नोई का है। इन जैसे नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाना कांग्रेस के लिए कैसे लाभकारी हो सकता है। इन सभी बातों पर नजर डालें तो कांग्रेस हमारे लिए किसी भी प्रकार की कोई चुनौती नहीं है। यह लोग आपस में एक दूसरे के लिए चुनौती बने हुए हैं।

 

 प्रश्न:- अपने व्यक्तिगत दोस्त रहे कई राजनीतिक हस्तियों को भाजपा में लाने का क्रेडिट स्वरूप यह पद माना जा सकता है ?

उत्तर:- ऐसा बिल्कुल नहीं है कि मैं उन लोगों को लेकर आया हूं। आज भी सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी भाजपा में आने की चाहत रख रहे हैं और यह लोग बहुत जल्द भाजपा में शामिल होंगे। क्योंकि कांग्रेस में अनदेखी के शिकार इन लोगों के पास कोई विकल्प नहीं है। संजय छोकर जैसे जो लगातार युवा कांग्रेस के 6 साल तक अध्यक्ष रहे, मजबूती से काम करते हुए भी वह अनदेखी का शिकार हुए। उन्हें  डेलीगेट  तक नहीं बनाया गया। ऐसी विचारधारा की कांग्रेस में भला कौन व्यक्ति रह सकता है। यह साफ है कि आज की कांग्रेस में नतमस्तक होकर रहने वाले व्यक्ति की ही वैल्यू हो सकती है, काम करने वाले की नहीं। जबकि दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी में काम करने वाले मेहनती- कर्मठ- ईमानदार लोगों को प्राथमिकता मिलती है। इसलिए कांग्रेस को छोड़ भाजपा में आने के लिए बहुत से लोग भाजपा में जल्द शामिल होंगे।

 

प्रश्न:- हाईटेक जमाने में हमारे मुख्यमंत्री भी पूरी तरह से आधुनिक है, अपने कार्य में और अन्य क्या प्रयास करने की आपकी सोच है ? 

उत्तर:- सोशल मीडिया के इस जमाने में हर बुजुर्ग- हर बच्चे के हाथ में मोबाइल फोन है। निसंदेह सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की नीतियां जनता तक पहुंचाने का हम प्रयास करेंगे। अपने साथियों और टीम से राय मशवरा करके और बेहतर प्रयास करेंगे। जिसका आपको जल्द रिजल्ट भी दिखेगा। मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए मुझ पर भरोसा पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।

 

 प्रश्न:- मिशन 2024 को लेकर तरुण भंडारी पर मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बाद आपका मुख्य फोकस क्या रहेगा ?

उत्तर:- मिली जिम्मेदारी पर मेरा भरपूर फोकस रहेगा। सरकार के किए गए कार्य जनता तक शीघ्रता पूर्वक पहुंचे, सरकार की योजनाओं नीतियों से जनता लाभान्वित हो, सही पात्र तक मुख्यमंत्री की सोच अनुसार लाभ पहुंचे, विपक्ष के झूठे भ्रम को जनता समझे, पिछले 8 सालों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में जिस प्रकार से प्रदेश सरकार ने काम किया, पूरी तरह से सिस्टम को पारदर्शी और ऑनलाइन किया, नौकरियां वितरण पूरी ईमानदारी से हुई, इन जैसे तमाम कार्य जो प्रदेश की दशा और दिशा बदलने में सहयोगी साबित हुई, वह जनता तक लाने का मैं भरपूर प्रयास करूंगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static