सूबे के नये मुखिया नायब सैनी से विशेष बातचीत, मुख्यमंत्री ने विज और मनोहर को लेकर कह दी बड़ी बात

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2024 - 09:28 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी): प्रदेश में संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी के दौरान ही एक चमत्कारी तरीके से सरकार के मुखिया के रूप में चुने गए नायब सिंह सैनी की इस मिले बड़े दायित्व के बाद क्या-क्या प्राथमिकताएं रहेगी ? आखिर क्यों उन्हें ही इस पद के लिए चुना गया ? राजनीति में उनके रोल मॉडल वह किसे मानते हैं ? प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी जाट को साधने को लेकर वह किस पॉलिसी पर काम करेंगे और आने वाले चुनाव में उनकी कूटनीति किस प्रकार की रहने वाली है ? इस प्रकार के कई प्रश्नों के जवाब उन्होंने बड़ी सरलता के साथ दिए।  प्रस्तुत है उनसे हुई चर्चा के प्रमुख अंश :-

प्रश्न :- क्या आपने सोचा था कि मुख्यमंत्री बनूंगा?

उत्तर:- नहीं, मैंने कभी नहीं सोचा था। ऐसी कभी कल्पना भी नहीं की थी। मैंने खुद विधानसभा में बोला था कि मेरे परिवार से कभी पंचायत मेंबर भी कोई नहीं रहा। यह हमारी पार्टी का सिस्टम है कि मुझे इस पद पर बिठा दिया। हमारे केंद्रीय नेतृत्व- देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- अमित शाह जी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मेरे लिए सदा प्रेरणादायक रहे माननीय मनोहर लाल जी जिन्होंने हरियाणा को मजबूती से आगे बढ़ाया, हर कमजोर परिवार - व्यक्ति को मजबूती देने का जिन्होंने काम किया, हरियाणा को नई दिशा दी, हरियाणा के लोगों के जीवन को सरल और सुगम बनाया, इन सभी का तहदिल से धन्यवाद।

प्रश्न:- क्या मानते हैं कि आप ओबीसी समाज से हैं, इसलिए मुख्यमंत्री बनाए गए या फिर मनोहर लाल जी के लाडले हैं, इसलिए बनाए गए ?

उत्तर:- मैंने मनोहर लाल जी से बहुत कुछ सीखा है। इनसे बहुत बारीकी से जानकारियां ली है। जब जब मुझे किसी भी काम में दिक्कत आती थी तो इनसे पूछ कर आगे बढ़ता था। इनका सानिध्य- स्नेह आगे भी मेरे साथ रहेगा। मुझे इस बारे कुछ नहीं पता कि मुझे क्यों और कैसे यह दायित्व दिया गया। मैं तो एक आम साधारण कार्यकर्ता था और हमेशा रहूंगा।

प्रश्न:- आने वाले समय में हरियाणा के लिए आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेगी ?

उत्तर:- मनोहर लाल जी ने सिस्टम को सुधारने के लिए बहुत से बदलाव किए हैं, उन बातों को आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा। हरियाणा के लोगों को उनकी सोच का बहुत बड़ा लाभ मिला है। अंतिम व्यक्ति तक योजनाबद्ध तरीके से लाभ पहुंच रहे हैं। यह यात्रा आगे बढ़ती रहे, इसकी मैं जिम्मेदारी निभाऊंगा और अन्य प्रदेशों के अच्छे विषय जो भी संज्ञान में आएंगे उन्हें फॉलो करुंगा। पार्टी में बैठकर लगातार चर्चाएं भी होती हैं कि किस दिशा में हमें आगे बढ़ना है उस प्रकार से भी काम होगा।

प्रश्न:- जेजेपी को साइड लाइन करने का मुख्य कारण कृपया बताएं ?

उत्तर:- प्रदेश के लोगों व हमारे कार्यकर्ताओं की लगातार आवाज आ रही थी, क्योंकि हमने पहले भी 10 सीटें प्रचंड बहुमत से जीती थी, इसके साथ-साथ इनके साथ गठबंधन केवल सरकार का था, पार्टी का नहीं था। यह हमारे नेतृत्व का फैसला था। आगे भी सभी 10 लोकसभा सीटें हम बड़े मार्जन से जीतेंगे और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा से बड़े बहुमत के साथ फिर से बनाएंगे।

प्रश्न:- मोस्ट सीनियर नेता अनिल विज जी की नाराजगी दूर करने के लिए क्या आपकी उनसे बात हुई है ?

उत्तर:- मेरी उनसे कल भी बात हुई है। मैंने उन्हें कहा कि यह पद मुझे नायब की नहीं बल्कि पार्टी की मर्जी से दिया गया है। यह एक जिम्मेदारी है। मैंने तो यह बात विधानसभा में भी बोली कि मैं पहले जब मंत्री था तो मुझे कहा गया कि एमपी का चुनाव लड़ना है, मैंने एक बार भी मना नहीं किया। अब इधर कहा तो दायित्व यह भी मुझे संभालना है। लेकिन मुझे नहीं मालूम था कि मुझे इस पद पर बिठाया जाएगा।

प्रश्न:- क्या आप अनिल विज जी को जल्द मनाएंगे और उन्हें मंत्री पद सौंपेंगे ?

उत्तर:- पार्टी नेतृत्व सब कुछ देखता है। उसमें जो जो नाम आएंगे, वह होंगे।

प्रशन:- हरियाणा जाटलैंड है आप उस वोट बैंक को साधने के लिए क्या कूटनीति अपनाएंगे ?

उत्तर:- भारतीय जनता पार्टी जात-पात की राजनीति नहीं करती। यह कांग्रेस पार्टी का काम है। किस प्रकार से समाज को नुकसान कांग्रेस ने पहुंचाया यह सबके सामने है। आज भी बहुत बड़ी संख्या में जाट भाई हमारे साथ जुड़े हुए हैं। जो कांग्रेस की विचारधारा के हैं वह कांग्रेस के साथ, जो हुड्डा विचारधारा के हैं हुड्डा के साथ, कुछ आईएनएलडी और जेजेपी की विचारधारा के हैं तो उनके साथ जुड़े हुए हैं। हमारे साथ भी बहुत जाट भाई है और लगातार वह लोग हमें सपोर्ट करते हैं।

प्रश्न:- क्या चुनाव में नुकसान की आशंकाओं को देख आपको मुख्यमंत्री बनाया गया ?

उत्तर:- पहले भी हमने सभी 10 की 10 सीटें जीती थी, अब भी ऐसा ही होगा। मनोहर लाल जी ने प्रदेश में बहुत जबरदस्त काम किया है। देश में हरियाणा गुड गवर्नेंस का सबसे बड़ा उदाहरण है। ट्रांसफर पॉलिसी जैसा बड़ा फैसला लिया गया। आज घर बैठे तबादले होते हैं, नेताओं के चक्कर लगाने की किसी को जरूरत नहीं है। हरियाणा में अद्भुत कार्य हुए हैं और आगे भी आप देखेंगे कि मनोहर लाल जी की सोच को आगे ले जाने का काम किया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Recommended News

Related News

static