हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को सुविधाएं न देने पर भड़के खेल मंत्री, बोले- मान्यता की जाए रद्द

punjabkesari.in Sunday, Mar 21, 2021 - 03:40 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (विनोद): सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को सुविधाएं ना देने पर हरियाणा के खेल एवं युवा मंत्री संदीप सिंह भड़क गए। उन्होंने फेडरेशन द्वारा किए गए प्रबंधों की कड़ी निंदा करते हुए आईओए से हॉकी हरियाणा की मान्यता रद्द करने की मांग कर डाली।

PunjabKesari, haryana

उन्होंने कहा कि हॉकी हरियाणा की तरफ से जींद जिला में चल रही सब जूनियर हॉकी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों के लिए खाने, पीने, ठहरने, सोने सहित खेल मैदान और स्वास्थ्य सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध नहीं करवाई हैं। इतना ही नहीं हॉकी हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए विभाग के साथ भी कोई संपर्क नहीं किया। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के लिए बरती गई गम्भीर अनियमितताओं को लेकर आईओए को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। इसके साथ ही हॉकी हरियाणा की मान्यता भी रद्द की जानी चाहिए।

खेलमंत्री संदीप सिंह ने रविवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हॉकी हरियाणा की तरफ से जींद जिला में 17 से 25 मार्च तक सब जूनियर राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से सैकड़ों खिलाड़ी पहुंचे है। इस प्रतियोगिता के लिए हॉकी हरियाणा की तरफ से खिलाड़ियों के लिए किए गए प्रबंधों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही है, इन शिकायतों में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को स्कूल के कमरों में ठहराया गया है और सोने की व्यवस्था की गई है। 

PunjabKesari, haryana

जहां पर खिलाड़ी ठहरे हुए है, वहां पर सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है। खिलाड़ी खुद पौछे और झाड़ू लगाकर सफाई कर रहे हैं। इसके साथ ही खिलाड़ी आसपास के नलों पर जाकर कपड़े धो रहे हैं और स्नान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और खिलाडिय़ों से मिली शिकायतों के अनुसार यह भी तथ्य सामने आए हैं कि खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट भी नहीं किया और ना ही किसी के पास कोविड-19 को लेकर कोई टेस्ट रिपोर्ट है तथा कोविड-19 के नियमों की भी पालना नहीं की जा रही है।

इस प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा मेडिकल सुविधाएं भी शून्य है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के लिए आयोजकों द्वारा किए गए प्रबंधों की खेलमंत्री ने निंदा करते हुए कहा कि आईओए को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए और हॉकी हरियाणा की मान्यता भी रद्द की जानी चाहिए, क्योंकि इस प्रकार के आयोजन से खेल सही दिशा में आगे नहीं बढ़ पाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजकों की तरफ से विभाग के साथ भी कोई सम्पर्क नहीं किया गया जो कि एक गम्भीर विषय है। 

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के लिए विभाग से सम्पर्क करना चाहिए था, ताकि खिलाड़ियों को नियमानुसार सुविधाएं मिल पाती। खेल मंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के भी कोरोना टेस्ट नहीं हुए है, ऐसे समय पर अगर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना था, तो आयोजकों को सही प्रबंध करने चाहिए थे। ऐसे लोगों के कारण ही खेलों को नुकसान होता है। इसलिए आईओए को दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जब इस प्रकार के लोगों को सबक मिलेगी तभी खेल सहीं दिशा की तरफ आगे बढ़ेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vinod kumar

Recommended News

Related News

static