एक जाति विशेष के सामने घुटनों के बल चल रही प्रदेश सरकार:सैनी

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2017 - 08:47 AM (IST)

जींद (विनोद सैनी):राष्ट्रीय लोकतंत्र सुरक्षा मंच के अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किया। यहां सैनी धर्मशाला में युवा जागृति सम्मेलन को संबोधित करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक जाति विशेष के सामने घुटनों के बल चल रही है। उन्होंने कहा कि वह जाटों को आरक्षण देने के विरोधी नहीं हैं, बल्कि गरीबों के आरक्षण के पक्षधर हैं। हरियाणा में यदि जाटों को आरक्षण दिया जाता है तो फिर बनिया, ब्राह्मण, राजपूत और पंजाबी को आरक्षण क्यों न मिले।

सैनी ने कहा कि सभी जातियों को उनकी जनसंख्या के हिसाब से आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग भाजपा में पलायन की फिराक में हैं। यह वह लोग हैं जिन्होंने कांग्रेस का भट्ठा बिठा दिया है और अब भाजपा की तैयारी है। पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य पर दर्ज हुए मामले पर सैनी ने कहा कि वह भी छोटूराम को अंग्रेजों का पक्षधर कहते हैं लेकिन आर्य ने जो कहा वह उनका अपना अंदाज था और अपने शब्द थे।

अलग पार्टी बारे फैसला जनता का
सांसद सैनी ने कहा कि 26 नवम्बर को जींद में होने वाली रैली में जनता से पूछेंगे कि देश और प्रदेश में समानता लाने के लिए क्या रास्ता चुनें। जनता जो कहेगी, फैसला वही होगा। उन्होंने कहा कि यदि अलग से पार्टी बनी तो 36 बिरादरी के लोगों को उसमें शामिल किया जाएगा। टिकट किसको दी जाएगी, यह संसदीय बोर्ड नहीं, बल्कि संबंधित विस क्षेत्र की जनता तय करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static