Kurukshetra: तूफान और बारिश ने मचाई तबाही, 150 बिजली खंभे और 100 पेड़ धराशायी

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 03:15 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले में गुरुवार देर रात आए तेज तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जिलेभर में 150 से अधिक बिजली के खंभे और करीब 100 पेड़ टूटकर गिर गए। कई स्थानों पर बिजली की तारें टूटने से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई और शहर सहित अनेक क्षेत्रों में पूरी रात अंधेरा पसरा रहा। बिजली निगम की टीमों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए सुबह करीब 4 बजे शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों की लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य जारी है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में औसतन 6 एमएम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 17 एमएम बारिश इस्माइलाबाद क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।

छत गिरने से बुजुर्ग मलबे में दबा

शाहाबाद के गांव रावा में बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान में सो रहे बलदेव सिंह मलबे के नीचे दब गए। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है।

नए बस अड्डे के पास गिरा विशाल पेड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त

तेज हवा और बारिश के चलते नए बस अड्डे के समीप पार्किंग में खड़ा एक विशाल सफेदे का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में आने से एक ऑटो, एक रेहड़ी तथा कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।

बिजली व्यवस्था को सबसे बड़ा झटका

तूफान और बारिश का सबसे अधिक असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला। जिलेभर में 150 से अधिक बिजली खंभे टूट गए, जबकि अनेक स्थानों पर तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते कई गांवों और शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली निगम की कई टीमें रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। विभाग के अधिकारियों के अनुसार नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा निगम को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है।

गड्ढे में गिरी बाइक और साइकिल, लोगों ने बचाई जान

पिहोवा के मॉडल टाउन क्षेत्र में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में रात के समय एक साइकिल सवार और बुलेट मोटरसाइकिल सवार गिर गए। पानी भर जाने के कारण उन्हें गड्ढे का अंदाजा नहीं लग सका। साइकिल सवार तो स्वयं बाहर निकल आया, जबकि अली मुर्तिजा और उसके साथी को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

पीड़ितों का आरोप है कि रात करीब 10 बजे डायल-112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा संकेतक नहीं लगाया गया था।

मंडियों में भीगा सूरजमुखी और मक्का

बारिश का असर कृषि मंडियों में भी देखने को मिला। खुले में रखी सूरजमुखी और मक्के की फसल बारिश में भीग गई। किसान और मजदूर दिनभर फसल को पलटने और सुखाने में जुटे रहे। किसानों को आशंका है कि नमी बढ़ने से फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

जिले में दर्ज वर्षा

इस्माइलाबाद – 17 एमएम
लाडवा – 7 एमएम
बाबैन – 6 एमएम
शाहाबाद – 5 एमएम
थानेसर – 1.8 एमएम
पिहोवा – 1 एमएम

तूफान और बारिश से हुए व्यापक नुकसान के बाद प्रशासन एवं संबंधित विभाग हालात सामान्य बनाने में जुटे हुए हैं।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static