रेवाड़ी में गैस सिलेंडर के लिए जद्दोजहद, ऑनलाइन बुकिंग ठप्प...एजेंसियों पर लोगों की लगी लंबी कतारें

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 05:05 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और संभावित युद्ध की खबरों के बीच लोगों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी आशंका के चलते लोग पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाने और स्टॉक करने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। पिछले तीन दिनों से शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं।

रेवाड़ी जिले की बावल विधानसभा में भी गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। पहले जहां सिलेंडर की डिलीवरी एक से दो दिन में हो जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए लोग पहले से ही अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है। 

एक ओर उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग में भी परेशानी आ रही है। कई लोगों के मोबाइल फोन पर ओटीपी नहीं पहुंच रहा है, जबकि कुछ मामलों में मोबाइल नंबर अमान्य बताया जा रहा है। इसके कारण लोगों को मजबूरन गैस एजेंसी पर जाकर सिलेंडर बुक कराना पड़ रहा है।

वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि हाल ही में डीएसी कोड प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल पर ओटीपी आता है और उसे दर्ज करने के बाद डीएसी कोड मिलता है। इसी कोड के आधार पर सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है। हालांकि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति को सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सीमित होने लगी है। अगर आने वाले दिनों में सप्लाई प्रभावित हुई तो रेस्टोरेंट, ढाबों और होटलों के संचालन में दिक्कतें बढ़ सकती हैं। शहर के कई प्रतिष्ठानों में फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों का ही उपयोग किया जा रहा है, इसलिए कारोबारियों में भी चिंता बढ़ने लगी है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static