परीक्षा देने आई छात्रा कॉलेज की छत से कूदी, रोहतक रैफर

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 10:58 AM (IST)

भिवानी : शहर के राजकीय महिला कॉलेज में परीक्षा देने आई एक छात्रा ने कॉलेज की छत से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया है। गंभीर रूप से घायल छात्रा को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे रोहतक पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

इस बारे में अब तक मिली जानकारी के अनुसार शहर के राजकीय महिला कॉलेज में गांव बापोड़ा निवासी बी.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा मोनिका बुधवार को सैकेंड समैस्टर का पेपर देने के लिए आई थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे छात्रा ने कॉलेज के फर्स्ट फ्लोर से छलांग लगा दी। वह कॉलेज परिसर में गिरी तो हड़कम्प मच गया। बताया जा रहा है कि छात्रा खिड़की से नीचे गिरी है। वहीं इस हादसे को लेकर न तो कॉलेज स्टाफ और न ही छात्रा के परिजन कुछ जानकारी दे पा रहे हैं, इसलिए यह घटना अभी पहेली बनी हुई है।

यह बोले प्राचार्य
छात्रा के नीचे गिरने की सूचना के बाद कॉलेज प्राचार्य डा. सुधीर शर्मा व स्टाफ के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। छात्रा के परिजनों को सूचना दी गई तो घायल छात्रा को सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राचार्य ने बताया कि छात्रा के नीचे गिरने की सूचना मिली थी। छात्रा किसी हादसे का शिकार हुई है या उसने छलांग लगाई है, इसको लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। वहीं छात्रा के गिरने की सूचना के बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजन मोनिका को लेकर रोहतक पी.जी.आई. ले गए। अभिभावकों ने बताया कि मोनिका न बीमार थी और न ही किसी प्रकार के तनाव में थी। मोनिका के गिरने की घटना फिलहाल सभी के लिए एक पहेली बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static