किसानों को समर्थन: घोड़ी की बजाय ट्रैक्टर पर सवार होकर दुल्हन को लेने पहुंचा दूल्हा
punjabkesari.in Monday, Dec 21, 2020 - 06:17 PM (IST)
यमुनानगर (सुमित): केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान इस कड़कड़ाती ठंड में सड़कों पर हैं, वह अपनी मांग को मनाने के लिए अड़े हुए है। पिछले कई दिन से किसानों का दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन जारी है। किसानों के इस आंदोलन को लोगों का अलग-अलग अंदाज में समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में यमुनानगर में दूल्हा किसानों के समर्थन में घोड़ी की बजाए ट्रैक्टर पर दुल्हन लेने पहुंचा।

दिल्ली सीमाओं पर पिछले 25 दिन से किसान आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए यमुनानगर के नारायण गढ़ साढोरा से लगते गांव भुखड़ी का दूल्हा रजत नारा ट्रैक्टर पर बारात लेकर गांव हरिपुर जट्टान आया। बारात ने कई किलोमीटर का सफर ट्रैक्टर पर तय किया। इंग्लैंड में वकालत की पढ़ाई कर चुके रजत ने खुद ट्रैक्टर चलाया। रजत को ट्रैक्टर पर बैठे देख हरिपुर जट्टान के लोगों ने बारातियों के लिए भी ट्रैक्टरों का इंतजाम किया।

इस बारे दूल्हे ने कहा कि शादी के बाद वह दुल्हन को लेकर किसानों के बीच जाएगा। रजत के पिता जसवीर सिंह खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि बेशक शहर में बसे हैं, लेकिन आज भी वह खेतों से जुड़े हैं। किसानों को प्राथमिकता देनी चाहिए। जसवीर ने कहा कि किसानों को जनता का पूरा समर्थन है। ट्रैक्टर पर दूल्हे द्वारा निकाली अनूठी बारात का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
