सस्ती फॉर्च्यूनर का लालच पड़ा भारी, कुरुक्षेत्र में शिक्षक ने गवाएं 31 लाख, मामले की जांच में जुटी पुलिस...
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 04:34 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले में एक शिक्षक के साथ सस्ती फॉर्च्यूनर कार दिलाने के नाम पर 31 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार डीलर ने गाड़ी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ले लिए, लेकिन न तो गाड़ी दी और न ही पैसे वापस किए। बाद में शिकायत देने पर आरोपी ने तीन चेक थमाए, लेकिन तीनों चेक बैंक से बाउंस हो गए।
पीड़ित दिलबाग सिंह निवासी डेरा संत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कुलदीप सिंह के साथ अच्छी जान-पहचान है। अक्टूबर 2023 में कुलदीप सिंह ने रोहतक निवासी रूपांकन शर्मा से एक कार खरीदी थी। उस समय दिलबाग सिंह भी कुलदीप के साथ रोहतक गया था। बातचीत के दौरान रूपांकन शर्मा ने दावा किया कि वह गाड़ियां शोरूम कीमत से काफी सस्ती दिलवा देता है।
फॉर्च्यूनर दिलाने के नाम पर लिए एडवांस
दिलबाग सिंह के अनुसार उसने रूपांकन शर्मा को बताया कि वह टोयोटा फॉर्च्यूनर 4X2, 2.8 डीजल मॉडल खरीदना चाहता है। आरोपी ने बताया कि इस गाड़ी की शोरूम कीमत करीब 44-45 लाख रुपए है, लेकिन वह इसे करीब 30-31 लाख रुपए में दिलवा सकता है। आरोपी की बातों में आकर दिलबाग सिंह ने उसे एडवांस देना शुरू कर दिया।
शिकायत के मुताबिक 1 नवंबर 2023 को 3.60 लाख रुपए, अगले दिन 8 लाख रुपए, 4 नवंबर को 3 लाख रुपए, 6 नवंबर को 75 हजार व 1.65 लाख रुपए, 18 नवंबर को 3 लाख रुपए और 12 दिसंबर को 1 लाख रुपए सहित कुल 21 लाख रुपए दे दिए। बाकी रकम गाड़ी मिलने के बाद देने की बात तय हुई थी।
गाड़ी के नाम पर और पैसे भी लिए
इसके बाद आरोपी ने कहा कि 3 लाख रुपए और दे दो, गाड़ी चार-पांच दिन में आ जाएगी। भरोसा करके दिलबाग सिंह ने यह रकम भी दे दी। इस तरह दिसंबर 2023 के अंत तक आरोपी को करीब 31 लाख रुपए दिए जा चुके थे।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी एक साल तक गाड़ी देने के नाम पर टालमटोल करता रहा और हर बार हफ्ते-दस दिन का समय मांगता रहा। जनवरी 2025 में भी आरोपी उससे करीब 1 लाख रुपए और ले गया।
पैसे मांगने पर देने लगा धमकियां
दिलबाग सिंह ने बताया कि 6 जून 2025 को वह अपने दोस्त बलदेव सिंह के साथ आरोपी के पास पैसे वापस मांगने गया, लेकिन आरोपी ने पैसे लौटाने की बजाय धमकियां देनी शुरू कर दीं।
इसके बाद शिकायत देने पर आरोपी ने 31 लाख रुपए लौटाने के लिए तीन चेक दिए, लेकिन जब उन्हें बैंक में लगाया गया तो तीनों चेक बाउंस हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)