बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सरकार और प्रशासन की लापरवाही से गंभीर हुए हालात: निर्मल सिंह
punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2023 - 06:28 PM (IST)

अंबाला: प्रदेश में बारिश से अंबाला, सोनीपत, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला और पानीपत में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जिसे लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव निर्मल सिंह ने वीरवार को बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। लोगों को परेशानी को सामना करना पड़ रहा है और किसानों की फसल जलमग्न हो गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। प्रदेश में कई लोग जान गवा चुके हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता लगातार जनता के बीच हैं, लोगों की मदद कर रहे हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचने में सरकार और प्रशासन नाकाम:निर्मल सिंह
उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार पीड़ित लोगों तक पहुंचने में नाकाम रही है। खट्टर सरकार का कोई प्रतिनिधि गांव में नजर नहीं आ रहा है और न ही कोई सरकारी मदद पीड़ित लोगों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों तक तुरंत मदद पहुंचाए। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग को एक्शन में लाकर लोगों तक मदद पहुंचाने का काम करे।
उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से प्रदेश में घग्गर और मारकंडा नदियां टूट गई हैं, यमुना भी खतरे के निशान पर बह रही है। लोगों के घरों और खेतों में पानी घुस गया है। इस समय प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को मदद की जरूरत है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ग्राउंड जीरो पर पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों को भोजन व दवाइयां मुहैया करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों पर पानी आने से सड़कें टूटने लगी हैं। कई गांवों का संपर्क दूसरे इलाकों से कट रहा है। कई दिन से बिजली नहीं है, घरों में पीने का पानी भी खत्म हो गया है, लेकिन खट्टर सरकार का कोई व्यक्ति गांवों में नहीं पहुंच रहा है। यह सरकार आपदा प्रबंधन में फेल साबित हो रही है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)