डिजिटल अरेस्ट करने वालों को उपलब्ध कराते थे बैंक खाता, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 08:27 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। आरोपियों द्वारा डिजिटल अरेस्ट कर लोगों से ठगी की जाती थी। आरोपियों की पहचान अमन (उम्र-19 वर्ष) निवासी कृष्णा कॉलोनी, जिला जींद (हरियाणा), रोहित (उम्र-21 वर्ष) निवासी आजाद नगर, जिला हिसार (हरियाणा) व  अमित (उम्र-19 वर्ष ) निवासी सिविल लाईन्स, जिला जींद (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी अमन को 2 फरवरी को गुड़गांव से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया जिसके बाद मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें। 

 

पुलिस के मुताबिक, 30 दिसंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साइबर अपराध दक्षिण में शिकायत के माध्यम से बताया कि इसके पास एक फोन कॉल आया और फोन करने वाले ने स्वयं को दिल्ली क्राइम यूनिट का अधिकारी बताया व इसका का बैंक खाता मनी लॉन्ड्रिंग में प्रयोग हुआ बताकर इसको डिटेंशन सेंटर में आने की धमकी देकर डराते हुए इसको डिजिटल अरेस्ट कर लिया तथा इससे रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। 

 

आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त अभियोग में ठगी गई राशि में से 25 हजार रुपए उक्त आरोपी अमित के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, आरोपी अमित ने यह बैंक खाता आरोपी अमन को 2 हजार 500 रुपये में बेचा था तथा आरोपी अमन ने यह बैंक खाता 4 हजार रुपये में आरोपी रोहित को बेचा था। आरोपी रोहित ने यह बैंक खाता एक अन्य आरोपी को खाते में आने वाली राशि के 2 प्रतिशत कमीशन पर बेचा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static