एक महीने में दो सगे भाईयों ने की आत्महत्या, पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप (VIDEO)

punjabkesari.in Friday, Apr 05, 2019 - 08:18 PM (IST)

झज्जर(प्रवीण धनखड़): एक माह के भीतर गाांव अकेहड़ी मदनपुर के दो सगे भाइयों ने आत्महत्या कर ली। पीड़ित परिवार का कहना है कि गांव के ही एक निवासी के साथ उनका पैसों के लेन-देन का विवाद चल रहा था। जिसके चलते पहले बड़े भाई ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला तो दर्ज किया मगर उसकी गिरफ्तारी नहीं की, लिहाजा आरोपी पक्ष ने छोटे भाई पर भी पैसों का दबाव बनाया तो आज अलसुबह छोटे भाई ने भी मौत को गले लगा लिया।

मामले को लेकर आज पीड़ित पक्ष व पुलिस के बीच जमकर हाथापाई हुई और पुलिस ने पीड़ित पक्ष के लोगों को उठाकर थाने ले गई। एक तरफ तो पीड़ित पक्ष पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर एक एसआई के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। मामले की गहनता से जांच चल रही है।

बता दें की 12 मार्च को गांव अकेहड़ी मदनपुर के करीब 62 वर्षीय ओमप्रकाश ने जहर खा लिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। पीड़ित पक्ष के प्रदीप के अनुसार ओमप्रकाश के जेब में मिले सुसाइड नोट के अनुसार उसका गांव के ही महताब के साथ पैसों के लेन-देन पर विवाद चल रहा था। महताब उस पर दबाव बनाए हुए थे, जिससे परेशान होकर ओमप्रकाश ने जहर खाया था।

प्रदीप के अनुसार पुलिस ने ओमप्रकाश की आत्महत्या के मामले में महताब को आरोपी तो बनाया मगर काफी समय गुजरने के बाद भी उसके गिरफ्तार नहीं किया। जिससे महताब के हौसले और बुलंद हो गए और उसने छोटे भाई कपूर सिंह पर भी दबाव बनाना आरम्भ कर दिया। दबाव झेल न पाने के कारण आज सुबह करीब तीन बजे कपूर ने भी जहर खा लिया। नाजुक हालत में उसे झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रैफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि कपूर की हालत ज्यादा खराब थी और इसलिए ही वे उसे रोहतक ले जाने की बजाय झज्जर के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पीड़ित पक्ष व पुलिस के बीच गर्मागर्मी हो गई। पीड़ित पक्ष जहां पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रहा था तो वहीं पुलिस का कहना है की उनके एक एसआई कृष्ण कुमार के साथ पीड़ित पक्ष ने मारपीट की है। बहरहाल पुलिस पीडित पक्ष को थाने ले गई और मामला आला अधिकारियों की जानकारी तक पहुंचा दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static