डूंडाहेड़ा में दो गुटों में हुआ खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल

punjabkesari.in Friday, Sep 26, 2025 - 06:42 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): तस्वीरों में दिखाई दे रहा यह नजारा कहीं और का नहीं बल्कि दिल्ली बॉर्डर से सटे डूंडाहेड़ा गांव का है। यहां एक मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि निर्माण के दौरान न केवल आधी गली को बंद कर दिया गया है बल्कि आए दिन बिजली की तारों को भी तोड़ दिया जाता है। इसकी शिकायत पड़ोसियों ने नगर निगम अधिकारियों को दी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

आज जब नगर निगम के अधिकारी मौके पर कार्रवाई करने के लिए आए तो निर्माणाधीन मकान के मालिक और उसके परिचितों ने शिकायत करने वालों पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर डंडे और चप्पलें चली। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। आरोप है कि यह निर्माणाधीन मकान दिल्ली पुलिस के एक मुलाजिम का है जिसके परिवार वाले यहां अपनी दादागिरी दिखा रहे हैं। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

 

घायलों सुनीता, नरेश कुमार, पमित वत्स की मानें तो पड़ोस में करीब सात मंजिल मकान बनाया जा रहा है। इस मकान को बनाने की आड़ में आधी गली पर कब्जा कर लिया गया है। हालांकि उनका मकान पीछे की तरफ है, लेकिन उनके घर तक जाने का रास्ता बंद होने लगा है। यहां लोगों द्वारा गली वालों को निकलने तक के लिए रास्ता भी नहीं दिया जाता। आज जब नगर निगम की टीम आई तो यह लोग निगम कर्मचारियों को बात करने के लिए अपने निर्माणाधीन प्लॉट में ले गए। इस पर यह लोग वीडियो बनाने लगे जिस पर दूसरा पक्ष भड़क गया और उन पर हमला कर दिया।

 

वहीं, घायलों की मानें तो दूसरा पक्ष दिल्ली पुलिस का मुलाजिम है, जो मोहल्ले वालों को धमका देता है। करीब दो महीने पहले भी इन लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। तब भी थाना पुलिस हुई थी, लेकिन पड़ोस होने के कारण समझौता हो गया। आरोप है कि इस बार पूरी प्लानिंग के साथ दूसरे पक्ष ने उन पर हमला किया है।

 

वहीं, मामले में दूसरे पक्ष ने कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। हालांकि दूसरे पक्ष ने बंद कैमरे पर इतना जरूर कहा कि यह लोग राजनीतिक पहुंच रखते हैं और उन्हें इनसे डर है कि वह उन पर हमला न कर दें। वहीं, उद्योग विहार थाना प्रभारी की मानें तो मामले की सूचना थाने में मिली है। प्रारंभिक तौर पर पता लगा है कि मामला गली में ईंट रखने को लेकर हुआ है। निर्माणाधीन मकान के लिए आई ईंट को गली में रखा गया है जिसके कारण पड़ोसियों को दिक्कत हो रही है। आज किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया है। कुछ लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली है। फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static