हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने पांच घंटे तक लगाया पटोदी-कुलाना रोड जाम, हत्यारों की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से इंकार
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 07:42 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): फर्रुखनगर के कारोला गांव में बृहस्पतिवार को 27 साल के सागर की हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को बारिश के बीच 5 घंटे तक जाम लगाया। सुबह लगभग 10 बजे 100 से अधिक ग्रामीण पटौदी-कुलाना मार्ग पर खंडेवला मोड पर पहुंचे। इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल रही। सड़क पर बैठकर और ट्रैक्टर खड़ा कर लोगों ने जाम लगाया। पुलिस अधिकारियों ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। आखिरकार पटौदी विधायक बिमला चौधरी के शनिवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी होने के आश्वासन के बाद दोपहर बाद 3 बजे लोगों ने जाम खोला। ग्रामीणों ने शर्त रखी कि आरोपियों की गिरफ्तार तक वे शव नहीं लेंगे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास टीमें कर रही हैं। कारोला गांव में ये वारदात बृहस्पतिवार दोपहर बाद हुई थी। सागर के पिता मुन्नीलाल व अन्य परिवार वालों के साथ 3 अगस्त को गांव के मछेंद्र पहलवान के बेटे मुन्ना व अन्य ने घर में घुसकर मारपीट की थी। सागर के छोटे भाई 21 साल के शंकर के साथ कहासुनी के चलते ये वारदात हुई थी। शंकर ने बैंगलोर में रहने वाले सागर को कॉल कर इस बारे में बताया। सागर ने मुन्ना को कॉल कर वारदात का विरोध जताया तो कॉल पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। सागर बृहस्पतिवार दोपहर बाद अपने घर पहुंचा और बैग रखा ही था कि मुन्ना व उसके कुल 15 साथी यहां पहुंचे और सागर पर डंडों व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उसे गोली मारकर आरोपी भाग गए। आरोपी भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी दिखे। सागर को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया