नगर निगम में बेटे का आधार कार्ड बनवाने आए युवक को दबंगों ने पीटा, तोडा दांत

punjabkesari.in Friday, Sep 27, 2019 - 01:21 PM (IST)

फरीदाबाद (ब्यूरो): नगर निगम के आधार कार्ड सेंटर में लोगों से बदसलूकी रूकने का नाम नहीं ले रही है। वीरवार को अपने दो साल के बेटे के साथ आधार कार्ड बनवाने आए युवक को कर्मचारी के साथियों ने बुरी तरह से पीटा, जिससे उसका दांत भी टूट गया। मारपीट करने के बाद युवक वहां से फरार हो गए। वहीं घटना के बाद निगम में पहुंची पुलिस आधार कार्ड सेंटर में तैनात कर्मचारी को अपने साथ ले गई। डबुआ कॉलोनी निवासी राजू ने बताया कि वह अपने दो साल के बेटे आयांश का आधार कार्ड बनवाने के लिए नगर निगम मुख्यालय आया था।

सुबह 10 बजे आया तो वहां मौजूद कर्मचारी ने उससे कहा कि आज छुट्टी है काम नहीं होगा। इस पर वह वहां से बीके सिविल अस्पताल चला गया। दोपहर 12 बजे जब वह वापस जाने लगा तो दोबारा निगम मुख्यालय में चला गया तो देखा कि वहां आधार कार्ड बन रहे हैं। इस पर उसने वहां बैठे कर्मचारी सुमित से बेटे का आधार कार्ड बनाने के लिए कहा तो उसने कहा कि टोकन लेकर आओ। मगर पता चला कि वहां टोकन से काम नहीं होता।

इस पर उसने कर्मचारी से दोबारा बात की तो वह भड़क गया।  कर्मचारी ने भड़करने के बाद अपने एक-दो साथियों को बुला लिया, जिन्होंने आते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। उसमें से एक युवक ने उसके जबड़े में घूसा मारा, जिससे उसका दांत टूट गया। दोनों उसे घसीटते हुए केंद्र से बाहर पार्क में ले गए और बुरी तरह पीटा। इस पर आधार केंद्र में मौजूद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने राजू को पीट रहे एक युवक को पकड़ लिया, जोकि अपना नाम लोकेश बता रहा था।

लोग उसे पकड़ कर निगमायुक्त के कार्यालय में ले जाने लगे। मगर वह उनके हाथ पैर पकड़कर वहां से निकल गया। इस दौरान राजू ने भी पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया था, जिस पर तीन नंबर चौकी से पुलिस वहां पहुंची और कर्मचारी सुमित व पीड़ित को अपने साथ ले गई। जांच अधिकारी एएसआई सतबीर ने बताया कि सुमित का एक साथी तो चौकी आ गया था, मगर दूसरा फरार है। उन्हें सुबह 10 बजे बुलाया है।  दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static