5 महीने तक Youtuber ने होटल में की मौज मस्ती, बिल के नाम पर दिखाता रहा फर्जी स्क्रीनशॉट, गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 02:49 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): लाइम ट्री होटल में ठगी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। सोहना का रहने वाला Youtuber होटल में करीब पांच महीने तक रहा और चेकआउट के वक्त 6 लाख 17 हजार रुपए का फर्जी भुगतान दिखाकर चंपत हो गया। होटल प्रबंधन को तब पता चला जब महीनों बाद भी बैंक खाते में एक रुपया भी जमा नहीं हुआ। पुलिस ने सेक्टर-53 थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय हिमांशु के रूप में हुई है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि होटल के निदेशक तपेश कुमार ने सेक्टर-53 पुलिस स्टेशन में दी शिकायत देकर बताया कि आरोपी हिमांशु उनके सर्विस अपार्टमेंट में चार से सात अक्टूबर 2025 और फिर 15 अक्टूबर से 24 फरवरी 2026 तक ठहरा था। इस दौरान उसने 16 अलग-अलग बार भुगतान किया। हर बार उसने व्हाट्सऐप पर सफल भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजे। जब भी होटल स्टाफ ने सवाल किया, तो उसने अपने फोन में बैंक स्टेटमेंट की फर्जी डेबिट एंट्री और ट्रांजेक्शन आईडी दिखा दी।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि पाइन लैब एग्रीगेटर और बैंक को झांसा देने के लिए फर्जी यूपीआई ऐप का इस्तेमाल किया था। उसने 5 नवंबर को 83 हजार रुपए, 13 नवंबर को 93,500 रुपए और इसी तरह 16 बार में कुल छह लाख 17 हजार रुपये की फर्जी ट्रांजेक्शन की। होटल ने जब पेमेंट गेटवे की विस्तृत जांच की, तो पता चला कि यह राशि कभी बैंक तक पहुंची ही नहीं।

 

पुलिस ने जब होटल रिकॉर्ड में दर्ज आरोपी के पते पर दबिश दी, तो वह भी फर्जी पाया गया। आरोपी ने पहचान के लिए संभव जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। फिलहाल, पुलिस की साइबर क्राइम सेल आरोपी के मोबाइल नंबर और फर्जी यूटीआर नंबरों के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static