PICS: काल बनी जर्जर दीवार, 3 मासूम दबे, एक की मौत

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2015 - 12:25 PM (IST)

रोहतक: शहर में एक जर्जर दीवार ने मासूम का जीवन लील लिया। कुताना कच्चा रोड पर आबाद बस्ती में एक प्लाट की दीवार से यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त बच्चा दीवार के साथ खेल रहा था। इस संदर्भ में पुलिस ने प्लाट मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुताना के रहने वाले समन सिंह के बेटे आदित्य (6) का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया और दोपहर बाद उसे मिट्टी दे दी गई। इस संदर्भ में समन सिंह के बयान पर केस दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्त्ता ने बताया है कि खाली प्लाट में जर्जर दीवार होने का उसके मालिक ने कोई नोटिस नहीं लगाया हुआ था। अगर ऐसा होता तो कोई उस दीवार के पास नहीं जाता। मासूम आदित्य खेलते हुए दीवार की तरफ चला गया और अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई। आसपास के लोगों ने जब तक आदित्य को दीवार के मलबे से निकाला उसकी मौत हो गई थी। आदित्य के साथ दो बच्चे और खेल रहे थे, उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि खाली पड़े प्लॉट की दीवार करीब चार-पांच साल से जर्जर हालत में थी। प्लॉट का मालिक कभी-कभी आता है। दीवार को लेकर उससे कई बार शिकायत की लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। करीब दो माह पहले भी यही दीवार मुख्य सड़क की तरफ गिरी थी। उस दौरान मलबे में दबकर एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद भी प्लॉट मालिक से शिकायत की लेकिन उसके कान पर जूं नहीं रेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static