देश का पहला ऐलिवेटिड ट्रैक बनेगा रोहतक में: ग्रोवर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 13, 2017 - 03:34 PM (IST)

रोहतक:सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि सरकार ने ऐलिवेटिड रेल ट्रैक बनवाने का निर्णय लेकर किसान हितैषी होने का परिचय दिया है। किसानों की उपजाऊ जमीन को अधिग्रहण से बचाने के उद्देश्य से सरकार ने ऐलिवेटिड रेल ट्रैक बनवाने का निर्णय लिया। अब 18 किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले जिले के 7-8 गांवों के किसानों को भरपूर लाभ मिलेगा। चीन और जापान के बाद 315 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश के रोहतक में ऐसा ऐलिवेटिड रेल ट्रैक बनाया जा रहा है, जिसके नीचे सड़क मार्ग और ऊपर मैट्रो की तर्ज पर रेल चलेगी। वे सोमवार को गांव टिटोली में स्वामी इंद्रवेश की 11वीं पुण्यतिथि पर आयोजित युवा संकल्प एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि अब तक सरकार ने जितने भी निर्णय लिए हैं, उनका सीधा लाभ किसानों, व्यापारियों, मजदूरों, गरीबों, महिलाओं एवं बेरोजगारों को मिला है। इन निर्णयों से समाज के हर तबके में खुशहाली एवं समृद्धि आई है। सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी आम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया है। इस तरह के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के फैसलों से हर नागरिक की सरकार के प्रति आस्था और अधिक बढ़ी है।

शिविरों से बीमारियों पर लगती रोक
ग्रोवर ने कहा कि आश्रमों की तर्ज पर कन्या चरित्र निर्माण एवं योग शिविरों का उद्देश्य शरीर में बढ़ने वाली बीमारियों की रोकथाम करना है। युवाओं को इस तरह के शिविरों में अवश्य भाग लेना चाहिए। उन्होंने आश्रम का गेट बनवाने के लिए डी प्लान से 5 लाख रुपए व अपने ऐच्छिक कोष से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। शिविर में लगभग 500 छात्राओं ने योग व सशक्तिकरण के साथ आत्मरक्षा की क्रियाओं के माध्यम से हृष्ट-पुष्ट रहने व मानसिक रूप से तत्पर रहने बारे विस्तार से प्रशिक्षण लिया। इस अवसर पर युवाओं को भी सम्मानित किया तथा कन्या भ्रूण हत्या रोकने व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे को बुलंद करने का संकल्प लिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static