नीरज हत्याकांड मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को किया काबू , 3 फरार
punjabkesari.in Monday, Oct 03, 2016 - 10:37 AM (IST)

यमुनानगर (सतीश): नीरज हत्याकांड में शहर पुलिस ने 5वें आरोपी को रिमांड पर लिया है जबकि पूर्व के पकड़े गए 4 आरोपियों का रिमांड समाप्त हो गया है और उन्हें जेल भेज दिया गया। रविवार को थाना शहर प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने टीम के साथ चौधरी कॉलोनीवासी प्रवीन उर्फ काका मथा को कोर्ट में पेश किया जहां से अदालत ने एक दिन का रिमांड दे दिया।
क्या है मामला
26 सितम्बर की रात बीमार निवासी नीरज ने जुआ खेलने से कुछ लोगों को रोका था जिस पर 2 पक्षों में झगड़ा हो गया। 8 लोगों पर हमला करने का आरोप लगा था। गंभीर हालत में उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया। 28 तारीख की रात उसकी मौत हो गई जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया जिसमें 6 नामजद व 2 अन्य थे। गिरफ्तारी न होने से गुस्साए सैंकड़ों लोगों ने नीरज के शव को लेकर 30 सितम्बर को हाईवे पर जाम भी लगाया था। यहां पर महिलाओं ने खुलकर आरोप लगाया था कि क्षेत्र में शराब, जुआ व सट्टे का धंधा जोरों पर है।
लोग बोले, अब भी बिक रही शराब
कोर्ट में आए क्षेत्र के लोगों ने कहा कि आजाद नगर में अवैध शराब बिक रही है। इसके अलावा जुआ व सट्टा का कारोबार भी सक्रिय है। उधर एस.एच ओ. उन्होंने दावा किया कि इस धंधे पर हर हाल में लगाम लगाई जाएगी। इसके लिए आमजन का साथ चाहिए। आम आदमी उन्हें कभी भी गलत कार्य व संदिग्ध व्यक्ति की सूचना दे सकता है।
आरोपियों के परिजनों ने पुलिस पर जड़े गंभीर आरोप
नीरज हत्याकांड में आजाद नगर के जोनी, शांति कॉलोनी के मन्नी यादव, मन्नी लांबा, विक्की, प्रवीन, श्रवण व विक्की चौरसिया को आरोपी बनाया गया है। अभी तक श्रवण व विक्की चौरसिया की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है जबकि एक अन्य भी बाकी है। परिजनों का आरोप है कि यह धंधा पुलिस की वजह से ही चल रहा है। उन्होंने पैसे लेने वाले कुछ कर्मियों के नाम भी मीडिया के समक्ष रखे। उधर, जांच के नाम पर पुलिस अभी अन्य का नाम लेने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि ऐसा करने से जांच प्रभावित हो सकती है। समय आने पर सारे पत्ते खोल दिए जाएंगे। पुलिस का यह भी दावा है कि मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह कितना भी रसूखदार हो।
क्षेत्र में लगातार हो रही है जांच
शहर थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि आजाद नगर क्षेत्र को अपराध मुक्त किया जाएगा। वे लगातार जांच कर रहे हैं। आरोपियों को पकडऩे के लिए टीमों को रवाना किया गया है। सदर थाना प्रभारी यमुनानगर भी अपने क्षेत्र में अभियान चला रहे हैं। आमजन भी उन्हें सूचना दे ताकि कड़ी कार्रवाई की जा सके।