महिला ने बस में दिया बच्चे को जन्म, चालक ने दिया इंसानियत का परिचय

punjabkesari.in Thursday, Mar 23, 2017 - 10:45 AM (IST)

यमुनानगर(सुमित अॉबरोय):इंसान में आज भी मानवता जिंदा है इसका परिचय हरियाणा रोडवेज के बस चालक व परिचालक ने उस समय दिया जब उनकी बस में एक महिला ने लड़के को जन्म दे दिया। उन्होंने बिना कोई देर किए उसे जगाधरी के सिविल अस्पताल में न सिर्फ भर्ती कराया बल्कि जब तक डॉक्टर ने उन्हें दोनों के स्वस्थ होने की जानकारी नहीं दे दी तब तक वहीं रुके रहे। दरअसल नारायणगढ़ से यमुनानगर आ रही रोडवेज बस के गत दोपहर साढ़े 12 बजे बिलासपुर पहुंचने पर उसमें बैठी एक 7 माह की गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई। महिला की चीख-पुकार सुन चालक ने बस को तेज रफ्तार दौड़ाते हुए उसे जगाधरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां बस से सभी सवारियों को नीचे उतारने के बाद अस्पताल के स्टाफ ने महिला की डिलीवरी की। चालक की सतर्कता से जच्चा व बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के नाहन में गांव विक्रम बाल निवासी 7 माह की गर्भवती रुकसाना बुधवार को अपनी सांस के साथ चैकअप करवाने जगाधरी के सिविल अस्पताल आ रही थी। दोनों कालाआम्ब से नारायणगढ़ से यमुनानगर आ रही यमुनानगर डिपो की बस में बैठ गए। जैसे ही वह बिलासपुर के समीप पहुंचे तो रुकसाना को प्रसव पीड़ा हुई और उसने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। बस के परिचालक रविंद्र ने इस बारे चालक जगदेव को बताया। चालक ने तुरंत बस को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए कुछ ही मिनटों में करीब 13 किलोमीटर दूरी पर स्थित सिविल अस्पताल जगाधरी के परिसर में ही बस घुसा दी। जहां चालक जगदेव व परिचालक रविंद्र ने दौड़कर अस्पताल स्टाफ  को बुलाया। स्टाफ नर्स ने रुकसाना की जांच की तो पाया कि वह बस से नीचे आने की हालत में नहीं है। इस पर बस की 30-35 सवारियों को नीचे उतारा गया। कुछ ही देर बाद रुकसाना की सुरक्षित डिलीवरी हो गई और उसे लड़का हुआ। वहीं डॉक्टर का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर होती तो कुछ भी हो सकता था।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static