भाजपा सरकार लोगों की कसौटी पर खरी नहीं उतरी : हुड्डा
punjabkesari.in Tuesday, Dec 11, 2018 - 11:19 AM (IST)
अम्बाला(रीटा/सुमन): पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह की एग्जिट पोल में 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के जो नतीजे दिखाए गए हैं उससे लगता है कि भाजपा की नीतियों के खिलाफ आम लोगों में भारी नाराजगी है। आज शाम यहां हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष फूलचंद मुलाना के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में देश भर में भाजपा विरोधी लहर चलेगी। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी ने देश को जो सब्जबाग दिखाए थे, वे कागजों में सिमटकर रह गए। भाजपा सरकार के बड़े-बड़े वायदों के चलते लोगों को भाजपा सरकार से बहुत उम्मीदें बन गई थी लेकिन साढ़े 4 साल गुजर जाने के बाद निराशा ही लोगों के हाथ लगी। हरियाणा में भी भाजपा सरकार लोगों की कसौटी पर खरी नई उतर पाई।
इनैलो पर पूछे गए एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि इनैलो अब बेनकाब हो गई है और आने वाले विधानसभा चुनावों तक इसका वजूद भी नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि 3 साल पहले उन्होंने जो कहा था वह अब सच साबित रहा है कि इनैलो मुख्य विपक्षी दल नहीं, बल्कि सरकार का मुख्य सहयोगी दल है। उन्होंने कहा कि अब दुष्यंत व अभय एक दूसरे पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगा रहे हैं। जब उनसे पूछा कि चाचा-भतीजे की लड़ाई का क्या नतीजा निकलेगा तो उन्होंने कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है और इस पर वह टिप्पणी करना नहीं चाहते। जब उनसे पूछा कि 11 दिसम्बर को 5 सूबों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का क्या हरियाणा के नगर-निगम चुनावों पर कोई असर पड़ेगा, तो उन्होंने कहा कि राजनीतिक माहौल पर इसका जबरदस्त असर नजर आएगा।