करंट से विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

punjabkesari.in Saturday, Oct 22, 2016 - 03:38 PM (IST)

चरखी दादरी (राजेश): कस्बा झोझू कलां में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुराल के लोगों पर उनकी बेटी की करंट लगाकर हत्या करने का कथित आरोप लगाया है। विवाहित के शव को दादरी के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए रोहतक रैफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में ससुराल पक्ष की एक महिला सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कस्बा झोझू कलां निवासी विवाहिता सुमन की संदिग्ध हालात में करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी मिलते ही विवाहिता के मायका धनीरवास से उसके परिजन पहुंचे। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई गांव धनीरवास निवासी रोशन ने बताया कि सुमन की शादी कुछ वर्ष पूर्व झोझू कलां में की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सुमन को दहेज के लिए परेशान करने लगे। इस बीच कई बार आपसी बातचीत के जरिए समझाया गया लेकिन दहेज के लोभी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए और उसकी बहन के साथ मारपीट करने लगे। शुक्रवार सुबह उन्हें सुमन की मौत की खबर लगी, मौके पर पहुंचे परिजनों ने सुमन के पति, सास, ससुर, ननद व ननदोई पर उनकी बेटी की हत्या करने का कथित आरोप लगाया। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static