डीटीपी विभाग की अवैध अतिक्रमण पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 07:23 PM (IST)
गुड़ृगांव, (ब्यूरो): कस्बा फर्रुखनगर के फाजिलपुर मोड़ से बस अड्डे तक 66 फुट चौड़ी सड़क से अवैध निर्माण की कार्यवाही पांचवे दिन भी जारी रही। डीटीपी की टीम ने न केवल आमजन के अवैध निर्माण गिराने का कार्य किया बल्कि नपा के वाइस चेयरमैन, पूर्व मंत्री स्व. चौ. नारायण सिंह का आशियाना भी ढहाने का काम किया। बताया गया है कि बस अड्डे पर स्थित नगर पालिका चेयरमैन की मार्केट का कुछ हिस्सा भी डीटीपी टीम के रडार पर है।
वीरवार से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को भी जारी रहा। जिला योजनाकार विभाग (डीटीपी) के नोडल अधिकारी आर.एस.बाट की टीम ने सड़क मार्ग को चौड़ा करने के लिए रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए तोड़फोड़ अभियान चलाया। डीटीपी बाट की टीम द्वारा की जा रही निष्पक्ष कार्यवाही से नगर के लोग संतुष्ट नजर आए। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों व पॉपलैंड की मदद से कई स्थानों पर बने स्थायी-अस्थायी ढांचे, मकान और दुकानों के आगे निकले शेड हटाए गए। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। आर एस बाट के अनुसार यह कदम लंबे समय से लंबित 66 फुट चौड़ी सड़क निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक था।
आर.एस.बाट का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और बस अड्डे तक आवागमन सुगम होगा। हालांकि कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त समय और स्पष्ट सूचना नहीं दी गई जिससे उनका आर्थिक नुकसान हुआ है। कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है। वहीं कई स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण का समर्थन करते हुए कहा कि फर्रुखनगर में बढ़ते यातायात को देखते हुए चौड़ी सड़क की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क निर्माण परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा।