गैंगस्टर कौशल के दो गुर्गों पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, करोड़ों के अवैध निर्माण ध्वस्त
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 01:04 PM (IST)
गुड़गांव (ब्यूरो): गुडग़ांव पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए पर गैंगस्टर कौशल के दो गुर्गों के पटौदी के फायर स्टेशन के निकट सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह संयुक्त कार्यवाही सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच द्वारा एचएसवीपी व डीटीपी के समन्वय से की गई। गैंगस्टर कौशल के गुर्गे गांव जनौला निवासी नरेंद्र उर्फ मोनू व प्रदीप उर्फ पारले ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। वहीं आरोपियों ने अपने मकान के साथ लगती ग्रीन बेल्ट की जमीन पर तथा मुख्य रास्ते पर जाने वाले रोड को भी बंद करके अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था।
पुलिस व प्रशासनिक अमले ने अपराधी नरेंद्र उर्फ मोनू व प्रदीप उर्फ पारले की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया। जिसमें सामने आया कि इन अपराधियों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। आरोपियों ने अपने मकान के साथ लगती ग्रीन बेल्ट की जमीन पर तथा मुख्य रास्ते पर जाने वाले रोड को भी बंद करके अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। सेक्टर-31 क्राइम ब्रांच के साथ भारी पुलिस बल व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
पुलिस प्रवक्ता का कहना:
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार का कहना है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी कुख्यात गैंगस्टर कौशल गिरोह के सदस्य हैं। आरोपी प्रदीप पर चोरी करने,लूट करने, मारपीट,हत्या का प्रयास करने व शस्त्र अधिनियम जैसे 13 केस तथा नरेंद्र पर 21 केस दर्ज हैं। गुरुग्राम पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।