कैलाश खेर के ‘मेहर रंगत 2025’ में दिखी भारत की लोक विरासत, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रही मुख्य अतिथि

punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 04:54 PM (IST)

गुड़गांव, ब्यूरो : राजधानी दिल्ली एक बार फिर भारत की समृद्ध लोक परंपराओं की सुर-लय-ताल से गुंजायमान हुई। पद्मश्री कैलाश खेर द्वारा प्रस्तुत और कैलासा एंटरटेनमेंट प्रा. लि. द्वारा आयोजित मेहर रंगत 2025 का भव्य आयोजन शुक्रवार, 21 नवंबर 2025 को सायं 6:30 बजे से ऐतिहासिक सेंट्रल पार्क एम्फीथिएटर, कनॉट प्लेस में किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। 

 

पद्मश्री कैलाश खेर के पूज्य पिता, निगुर्णी लोकगायन के महान साधक पंडित मेहर सिंह खेर की पुण्यतिथि पर हर साल आयोजित होने वाला मेहर रंगत अब दिल्ली का सबसे प्रिय सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है।कार्यक्रम में पद्मश्री कैलाश खेर और उनके प्रसिद्ध बैंड कैलासा की संगीतमय प्रस्तुति ने सभी को लुभाया। उन्होंने तेरी दीवानी, सैयां और अल्लाह के बंदे समेत अपने कुछ प्रमुख गीतों के साथ उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेहर रंगत सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत उत्सव है जो पीढ़ियों को जोड़ता है और विविधता में एकता का संदेश देता है।

 

इस वर्ष रामवीर नाथ सोडा एवं बीन जोगी की प्राचीन सपेरों की स्वरलहरी, पद्मश्री दादी पुदुमजी के नेतृत्व में इशारा पपेट थिएटर ट्रस्ट की मनमोहक कठपुतली कला, आमिर भियानी एवं आर भारत ब्रास बैंड के जोशीले ब्रास फ्यूजन, हीरा सापेरा और उनके दल की मंत्रमुग्ध कर देने वाली कालबेलिया नृत्य कला, मेवाड़ के जुम्मे खान की हास्यपूर्ण संगीतमय कथा-गायकी, नथ्थूलाल सोलंकी एवं पुष्कर वादक दल के गगनभेदी नगाड़ों की धुन और फिरेराजा एवं फिरेरानी के रोमांचक अग्नि नृत्य ने सभी को आकर्षित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static