अब यूथ कांग्रेस की राजनीति भी चलेगी चंडीगढ़ से
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 01:43 PM (IST)

गुड़गांव ब्यूरो : हरियाणा की यूथ कांग्रेस की राजनीति भी अब राजधानी चंडीगढ़ से ही संचालित होगी। रविवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में यूथ कांग्रेस के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण किया।
इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेताओं ने निशित कटारिया को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और संगठन को जिले व मंडल स्तर तक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि निशित कटारिया के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “अब यूथ कांग्रेस का संचालन राजधानी से होगा और संगठन की हर गतिविधि चंडीगढ़ से पूरे प्रदेश तक फैलेगी।”
निशित कटारिया ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा के मार्गदर्शन में यूथ कांग्रेस प्रदेश के युवाओं को जोड़ने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम जारी रखेगी।