जब तक टूटी लोगों की नींद की खुमारी तब तक MCG ने ध्वस्त कर दिया कांग्रेसी नेता का फर्नीचर शोरूम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 10:28 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): विजयदशमी से एक दिन पहले नगर निगम की टीम ने सुबह-सुबह ही एक बड़ी कार्रवाई कर दी। जब तक लोगों की नींद की खुमारी टूटी तब तक नगर निगम की टीम ने बादशाहपुर में कांग्रेसी नेता का फर्नीचर शोरूम मिट्टी में मिला दिया। यह फर्नीचर शोरूम कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजेश यादव का था जिसे नगर निगम की करीब आधा दर्जन जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें। 

 

नगर निगम की कार्रवाई से गुस्साए राजेश यादव ने इस कार्रवाई का विरोध किया और कार्रवाई के लिए मौके पर आए ड्यूटी मजिस्ट्रेट आर एस बाठ पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी राजनीतिक रंजिश के कारण इस शोरूम को तोड़ने के लिए आए हैं। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के कैबिनेट मंत्री के इशारे पर यह कार्रवाई करने के आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की तरफ से सोमवार रात को नोटिस दिया गया और आज दिन चढ़ते ही यह कार्रवाई कर दी। ऐसे में यह राजनीतिक द्वेष सीधे तौर पर प्रतीत हो रहा है। 

 

दरअसल, गुड़गांव नगर निगम द्वारा बादशाहपुर में पावर हाउस के पास बने एक फर्नीचर शोरूम को तोड़ने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों की मानें तो यह शोरूम पूरी तरह से अवैध तरीके से बनाया गया है। इसे बनाने के लिए कोई अनुमति ही नहीं ली गई। इस संबंध में दुकान मालिक को नोटिस भी दिया गया था,लेकिन इसके बाद भी दुकान मालिक ने कोई ध्यान नहीं दिया। आर एस बाठ की मानें तो नगर निगम की तरफ से की गई कार्रवाई के दौरान नियमानुसार नोटिस दिया गया। यहां तक कि सोमवार को उन्हें शोरूम को वेकेंट करने का भी नोटिस दिया गया था। इसके बाद आज यह कार्रवाई की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static