मकान की छत गिरने से 1 की मौत, परिवार ने प्रशासन से मांगी आर्थिक सहायता

punjabkesari.in Tuesday, Sep 14, 2021 - 08:30 AM (IST)

हिसार( विनोद): मिल गेट क्षेत्र के 12 क्वार्टर में स्थित शिव नगर के एक मकान की छत जर्जर हालत होने के कारण गिर गयी,  उसके नीचे बैठे 5 लोग मलबे में दब गये। इस दौरान 1 युवक की मौत हो गई और तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।  

जानकारी के अनुसार शिव नगर में कृष्ण नामक व्यक्ति का मकान है। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब कृष्ण की पत्नी ममता, उनका बेटा मनोज व हरीश, मनोज का भांजा नरेन्द्र, व पड़ोसी विशाल बैठे थे। अचानक से मकान की छत भरभरा कर गिर गयी और सब उसके नीचे दब गये।

छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े चले आये और तुरंत मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को मलबे के नीचे से निकाला। लोगों ने सब को इलाज के लिए सामान्य अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान 29 वर्षीय मनोज की मौत हो गयी। मनोज की मां ममता को भी गंभीर चोटें आयी हैं। परिवार का मुखिया कृष्ण किसी काम से घर के बाहर गया था। मृतक के रिश्तेदार के अनुसार मनोज का डेढ़ महीने पहले ही ब्याह हुआ था और वह दो दिन पहले ही अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर आया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static