भिवानी रैली के मंच पर भावुक हुए अजय चौटाला, बोले- बेदखल कर घर से खाली हाथ निकाले गए

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 04:36 PM (IST)

भिवानी: जननायक जनता पार्टी के पांचवे स्थापना दिवस पर भिवानी में आयोजित जन सम्मान रैली में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला इनेलो का साथ छोड़ने की बात बताते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले विपरीत परिस्थितियों में इनेलो का साथ छोड़ने का फैसला लिया था। उस दौरान झंडा, डंडा, फंड, विधायक और वोट सौंपते हुए कहा था कि पार्टी का ध्यान रखना। वहीं अब वह पार्टी एक सीट पर सिमट गई है। इसी के साथ अजय ने कहा कि हमें बेघर किया गया, बेदखल किए गए, खाली हाथ घर से निकाल दिए गए। इसके बाद हमने संघर्ष और चुनौती का रास्ता चुना। सच के रास्ते पर चलते हुए जेजेपी को लाखों लोगों का साथ मिला है।

 

PunjabKesari

 

अगले 2 साल में सभी वादे पूरे करने का किया दावा

 

अजय चौटाला ने कहा कि जजपा के गठन के 10 महीने बाद ही पार्टी के दस उम्मीदवारों ने जीतकर विधानसभा में जगह बना ली। इसके बाद जब गठबंधन में सरकार बनी तो लोगों ने कई आरोप लगाए। विरोधियों ने कहा कि यह गठबंधन कुछ महीने भी नहीं चल पाएगा। वहीं गठबंधन सरकार ने तीन साल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। अजय चौटाला ने कहा कि जजपा सरकार ने तीन साल में अपने 60 फीसदी वादे पूरे कर लिए हैं। वहीं अगले दो साल में बचे हुए 40 प्रतिशत वादे पूरे करने के लिए भी पूरा प्रयास किया जाएगा।  

 

PunjabKesari

 

बोले- किसान आंदोलन के दौरान विरोधियों ने कहा कि दुष्यंत दे इस्तीफा

 

वहीं कृषि आंदोलन के दौरान जजपा पर लगे आरोपों को लेकर अजय चौटाला ने कहा कि किसान आंदोलन के समय लोगों ने कहा कि दुष्यंत चौटाला को इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं सब ने देखा कि इस्तीफा देने वालों का क्या हाल हुआ है। चाहे वह हरसिमरत कौर हों या फिर अभय चौटाला। इसके उल्ट प्रदेश में जजपा का ग्राफ लगातार बढ़ा है। लोगों में जेजेपी को काफी प्यार दिया है। पार्टी के सदस्यता अभियान में भी दोगुना प्यार देखने को मिला है। अजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता ने दुष्यंत को खूब प्यार दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इसी प्रकार पार्टी का समर्थन करें, ताकि आने वाले समय में जजपा को इससे बड़ी जीत मिले और चौधरी देवीलाल के सपनों का हरियाणा बन सके।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static