निजीकरण के विरोध में 2 दिन की हड़ताल पर उतरे बैंक कर्मचारी, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

punjabkesari.in Thursday, Dec 16, 2021 - 03:28 PM (IST)

डेस्क : केंद्र सरकार शीतकालीन सत्र में बैंकों के निजीकरण का बिल लेकर आ रही है। जिसको लेकर देश के सरकारी बैंक कर्मचारी हड़ताल पर चले गए है। फिलहाल 16 व 17 दिसंबर की हड़ताल है और यह हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। सरकारी बैंक के कर्मचारियों का आरोप है कि केंद्र सरकार जनता के पैसे को अपने हाथ में लेना चाहती है। इसी वजह से निजीकरण का बिल लाया जा रहा है। 

झज्जर (प्रवीण धनखड़) : देशभर के साथ झज्जर में भी आज एक बार फिर सरकारी बैंकों पर ताले लटक गए और बैंक कर्मचारियों ने दो दिन के लिए काम छोड़ सांकेतिक हड़ताल कर सड़कों पर उतर आए है। इतना ही नहीं निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए हुंकार भरी है कि बैंकों का निजीकरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि अभी तो यह सांकेतिक हड़ताल है, लेकिन अगर सरकार नहीं मानी तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

PunjabKesari

पानीपत (सचिन) : पानीपत की औद्योगिक नगरी में दो दिन बैंक बंद रहेंगे। इससे आम आदमियों के साथ उद्यमियों को भी परेशानी होगी। 16 दिसंबर देशभर के राष्ट्रीय कृत बैंक आज से 2 दिन की हड़ताल पर रहेंगे। पानीपत में भी राष्ट्रीय कृत बैंकों में 2 दिन की हड़ताल रहेगी। 

PunjabKesari

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : देश भर में आज से सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों के 9 लाख कर्मचारी हड़ताल पर हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के 2 बैंकों का निजीकरण किए जाने के खिलाफ ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स फेडरेशन एवं कर्मचारी संघ ने हड़ताल का आह्वान किया है। यमुनानगर में बैंकों के सामने कर्मचारियों ने इकट्ठे होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बैंक कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि सरकार लोकसभा में बिल लाकर बैंकों को निजी हाथों में सौंपना चाहती है। जिसके चलते समाज के गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों को भारी नुकसान होगा।

PunjabKesari

फतेहाबाद (रमेश भट्ट) : बैंकों के निजीकरण के विरोध में आज सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने इसके विरोध में दो दिन की हड़ताल की है। वहीं बैकों में हड़ताल के चलते आज जिलेभर में 300 करोड़ रुपये का टर्नओवर प्रभावित रहा। सभी सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंक कर्मचारी आज एसबीआई बैंक के सामने इकट्ठे हुए और जोरदार प्रदर्शन किया। 

सिरसा (सतनाम) : बैंकों के निजीकरण के विरोध में वीरवार को जिले के सरकारी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। दो दिन हड़ताल के चलते बैंक में कोई कामकाज नहीं होगा। इसके चलते बैंक ग्राहकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैंक में आने वाले अधिकतर लोगों को हड़ताल की वजह से वापस लौटना पड़ा। दरअसल, बैंक कर्मचारी भारत सरकार की तरफ से शीतकालीन संसद सत्र में प्रस्तावित बैंकिंग ला एमेंडमेंट बिल लाने का विरोध कर रहे हैँ। जिसके माध्यम से भारत सरकार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ओवरसीज बैंक का निजीकरण करने जा रही है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static