भूपेंद्र हुड्डा ने किया दावा, हरियाणा में बनेगी कांग्रेस की सरकार

punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 10:18 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है। उन्होंने ना केवल प्रदेश बल्कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते इनका सूपड़ा साफ होने की बात कही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द कांग्रेस पार्टी अपना नीचे तक का संगठन बना लेगी और उसके बाद बेहद मजबूती से भाजपा की गलत नीतियों के सामने कांग्रेस खड़ी नजर आएगी। उनसे हुई बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं :-

प्रश्न:- हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पहले दिन ''भारत जोड़ो यात्रा" की भी चर्चा को कैसे देखते हैं ?

उत्तर:- सदन में अवश्य चर्चा हुई है, क्योंकि राहुल गांधी की यात्रा के आगमन के वक्त दूसरे प्रदेशों से बड़े नेता कई पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा मुख्यमंत्री भी पहुंचे। लेकिन हरियाणा की सड़कों की हालत बेहद बदहाल देखकर सभी हैरान थे और कह रहे थे कि हरियाणा तो कहीं अधिक विकसित प्रदेश था, आज ऐसे हालात कैसे हैं तो मैंने उन्हें समझाया कि 8 साल पहले की आप बात कर रहे हैं। आज सड़कों की कोई मेंटेनेंस नहीं करवाई जा रही। सड़कों में गड्ढे तो हर जगह देखे जा सकते हैं, लेकिन हरियाणा में गड्ढों में सड़क ढूंढने पड़ रही है।

 

प्रश्न:- राहुल गांधी की यात्रा के दूसरे फेस में पानीपत में रैली आयोजित होगी, आपने भी राजनीतिक युद्ध की शुरुआत पानीपत की ललकार रैली से की थी ?

उत्तर:- पानीपत एक ऐतिहासिक शहर है और इतिहास गवाह है कि हरियाणा की भूमि दिल्ली की गद्दी का फैसला करती है। पहले के समय में भी युद्ध पानीपत और कुरुक्षेत्र में हुए, लेकिन वहां भी फैसला दिल्ली के लिए होना था। हरियाणा इस बार फिर एक बड़ा निर्णय दिल्ली के लिए तय करेगा।

 

प्रश्न:- हिमाचल में कांग्रेस ने जबरदस्त तरीके से सरकार बनाई, हरियाणा मिशन 2024 को लेकर आप की तैयारियां क्या है ?

उत्तर:- हरियाणा में हम कांग्रेस की सरकार बनाने जा रहे हैं। क्योंकि आज जनता मन बना चुकी है। राहुल गांधी की पदयात्रा में हर वर्ग के व्यक्ति हमने देखे और लोग इस सरकार से बेहद रुष्ट हैं। जिस प्रकार से प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं, जिस प्रकार से अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिस प्रकार से हरियाणा में महिलाएं असुरक्षित है, जिस प्रकार से तमाम तरह तरह की योजनाओं के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है, जिस प्रकार से विकास कार्यों के नाम पर लोगों से लूट बाजारी की जा रही है, प्रशासन सरकार पर हैवी है, इन बातों को देखकर जनता बेहद परेशान है और इंतजार कर रही है कि कब चुनाव आए और इन भ्रष्ट लोगों को इस कुर्सी से उतार कर इनके घरों की ओर भेजें।

 

प्रश्न:- हिमाचल में जीत के कारण क्या मानते हैं ?

उत्तर:- सरकार की विफलताएं, बढ़ती बेरोजगारी और सरकार द्वारा अग्निपथ योजना का गलत फैसला इनकी हार के मुख्य कारण रहे। हरियाणा और हिमाचल नौजवान बड़ी संख्या में फौज में है, इसलिए इस फैसले से जनता बेहद नाराज है।

 

 प्रश्न:- विधानसभा सत्र के बचे 2 दिन में आपके मुद्दे क्या रहेंगे ?

 उत्तर:- हमारे पास बहुत से मुद्दे हैं सरकार को घेरने के लिए। मुख्यतः मुद्दे बढ़ती बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, गन्ने की पेमेंट, किसान की जलभराव से बदहाली और बांड के फैसले को हम सदन पटल पर रखेंगे।

प्रश्न:- कांग्रेस संगठन में एकजुटता को लेकर आपका क्या फोकस रहेगा ?

उत्तर:- कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है और जल्द हम नीचे तक का संगठन तैयार करने के बेहद नजदीक हैं। संगठन बनने के बाद आप देखेंगे कि कांग्रेस पार्टी और अधिक मजबूत होकर इस जनविरोधी सरकार के सामने खड़ी नजर आएगी।

 

प्रश्न:- एमबीबीएस के बच्चों की मांग को कितना जायज मानते हैं और सरकार के इस रवैया को क्या कहेंगे ?

 उत्तर:- सरकार का रवैया तो हर बात में बिल्कुल गलत रहता है। सरकार को जल्द अपना फैसला वापस लेना चाहिए। बैंक को इंवॉल्व करने का कोई मतलब ही नहीं बैठता। अगर बच्चे यहां पढ़े हैं और उन्हें सुविधाएं दी गई हैं तो 1 साल का बांड ही भरवाना चाहिए। यह बात सही मानी जा सकती है। लेकिन फीस इतनी अधिक बढ़ा दी गई है कि मध्यम और गरीब वर्ग का हरियाणा में बच्चा कभी डॉक्टर नहीं बन पाएगा।

 

प्रश्न:- केंद्र सरकार द्वारा नई विधानसभा के लिए 10 एकड़ जमीन दिए जाने के फैसले का विरोध पंजाब कर रहा है, आपका क्या मानना है ?

उत्तर:- मेरा मानना है कि अगर हाईकोर्ट का विस्तार वही हो सकता है तो विधानसभा  का क्यों नहीं विस्तार हो सकता। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static