बाउंसर को तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर, रेफर-रेफर के खेल में तोड़ दिया दम
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 05:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में एक बार फिर से तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सोहना-धुनेला रोड पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार बाउसंर को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए गुड़गांव, रोहतक और दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस रेफर-रेफर के खेल में घायल बाउंसर ने दम तोड़ दिया। थाना भोंडसी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय अंकित निवासी वार्ड नंबर छह अंबेडकर कॉलोनी, सोहना के रूप में हुई है। अंकित गुरुग्राम के सुभाष चौक स्थित एक वाइन शॉप पर बाउंसर की नौकरी करता था। चार मार्च की रात करीब नौ बजे की है, जब अंकित अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए घर से निकला था। सोहना ढाणी के पास एलआईडी सोसाइटी के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अंकित घटनास्थल पर पड़ा रहा,लेकिन कोई मदद के लिए राहगीर नहीं आया।
हादसे की सूचना मिलने पर अंकित के ताऊ सतीश और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। घायल अंकित को पहले सोहना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सेक्टर-10 रेफर कर दिया गया। आर्थिक तंगी और बेहतर इलाज की उम्मीद में परिजन उसे निजी अस्पताल और फिर पीजीआईएमएस रोहतक लेकर गए। हालत में सुधार न होने पर जब परिजन उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जा रहे थे, तभी राजीव चौक के पास अंकित की धड़कन रुक गईं। वापस सोहना अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंकित अभी अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा था। उसकी मौत से पूरे शोक की लहर है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। जल्द ही चालक और वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।