सोने के सिक्के कम रेट पर बेचने का प्रलोभन देकर सोना ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 08:40 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने सस्ते दाम पर सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर ठगी करने वाले अंतरराजीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने गुडग़ांव में एक व्यक्ति को नकली सोने के सिक्के देकर 2.49 करोड़ रुपए व 50 तोला सोना की ठगी कर ली थी। यहीं नहीं बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली व सलमान खान के पिता सलीम ख़ान के पीए भी इस गिरोह की ठगी के शिकार हुए थे। पुलिस ने आरोपियों से 2.30 करोड़ की नगदी व 678 ग्राम सोना बरामद किया है।
दरअसल, सुशांतलोक थाना पुलिस में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 13 फरवरी को एक व्यक्ति ने उसे सस्ते दाम में सोने व चांदी के सिक्के बेचने का लालच दिया। उसने कुछ सोने व चांदी के सिक्के दिए, जिसको उसने ज्वेलर्स की दुकान पर चेक करवाया तो सोने व चांदी के सिक्के असली मिले। उसके बाद उस व्यक्ति ने एक बार फिर उसको और सिक्के दिए, वह भी असली थे। जिससे इसको उस व्यक्ति पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी ने अधिक मात्रा में सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर दो मार्च को उसके घर सुशांत लोक से लगभग 2.49 करोड़ रुपए नकद जो इसने ब्याज पर लिए थे व करीब 50 तोला सोना ले लिया। बदले में नकली (पीतल) के सिक्के दे दिए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
मामले में पुलिस कमिश्रर विकास कुमार अरोड़ा, डीसीपी क्राइम हितेश यादव के निर्देशन में सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच के प्रभारी इंस्पेक्टर किनरेंद्र शर्मा की टीम ने अंतरराजीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गुजरात व गुडग़ांव से गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि, मनीष कमलेश शाह, ईश्वर मारवाड़ी व दिल्ली के नांगलोई निवासी पंकज शर्मा के रूप में हुई।
प्रलोभन देकर बनाते लोगों को शिकार:
ठगी करने वाली गैंग का सरगना प्रभु भाई है। इस गैंग के ज्यादातर सदस्य अनपढ़ है जो गरीब मजदूर का भेष बना कर घूमते और अपने साथ में 5-6 असली सोने चांदी के सिक्के रखते। जिनको धनी लोगों को दिखाते और कहते हैं कि ये जमीन की खुदाई में मिले है। आप मुझे अपना नंबर दे दे और इनको चेक कराकर मुझे बता दें कि इनकी कीमत क्या है। हम गरीब मजदूर लोग है। अगर हम चेक कराने जाएंगे तो पुलिस हमें पकड़ लेगी। चेक कराने पर सिक्के सोने के मिलते और 25 से 30 लाख रुपये किलो के भाव में सौदा तय करते। जिससे इतना मुनाफा होता देख लोगों के मन में लालच पैदा हो जाता। इसी लालच का फायदा उठा कर सोने का पानी चढ़ा हुआ तांबा देकर हजारों किलोमीटर दूर भाग जाते हैं।
फिल्मी सितारे भी हो चुके हैं ठगी का शिकार:
गैंग के सरगना प्रभु भाई पिछले 25 सालों से ठगी का काम करता आ रहा है। जिसमें ज्यादातर वारदातें मुंबई व गुजरात की हैं। आरोपी ने एक होटल पीएम भी खरीद रखा है जो दिल्ली मुंबई रोड पर करजन लकोदरा मे स्थित है। कऱीब 15 साल पहले बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से भी 25 लाख व सलमान खान के पिता सलीम ख़ान के पीए से 20 लाख रुपये ठग चुका है।
सरगना ने की हैं चार शादियां:
ठगी के पैसे की बदौलत आरोपी प्रभु ने चार शादियां कर रखी है और एक "लव यू" नाम की गुजराती फिल्म भी बना चुका है। प्रभु भाई गुजरात नगर पालिका पार्षद चुनाव में अपनी बीवी पार्वती सोलंकी को टिकट दिला कर नामाकंन भरवा कर राजनीति में अपना वर्चस्व जमाना चाहता था। आरोपी पर धोखाधड़ी के तहत दो केस महाराष्ट्र में तथा धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत सात केस गुजरात में दर्ज हैं।