दिल्ली पुलिस के सिपाही का हाई वोल्टेज ड्रामा, घर में किया जबरन प्रवेश, नाबालिग सहित महिलाओं से मारपीट
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:13 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली पुलिस के सिपाही रोनित यादव ने शराब के नशे में धुत्त होकर सेक्टर-56 स्थित एक सोसाइटी के फ्लैट में जबरन प्रवेश कर जमकर हंगामा किया। घर में मौजूद महिलाएं और नाबालिग किशोरी के साथ भी मारपीट कर धमकी दी गई। पुलिस ने कॉलेज छात्रा की शिकायत पर सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को शनिवार गिरफ्तार किया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-56 की एक सोसाइटी में रहने वाली 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 मई की सुबह करीब पांच बजे आरोपी रोनित यादव कथित रूप से नशे की हालत में सोसाइटी परिसर में पहुंचा। आरोप है कि वह बिना अनुमति के सोसाइटी में दाखिल हुआ और उनके घर के बाहर पहुंचकर लगातार डोरबेल बजाने लगा। छात्रा की मां ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि शोर सुनकर उसकी छोटी बहन भी दरवाजे पर आ गई। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना से परिवार के सदस्य भयभीत हो गए और उन्होंने तुरंत छात्रा को फोन कर घर पर बुलाया। मां के फोन के बाद जब छात्रा सोसाइटी पहुंची तो आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि हमले के दौरान उसे अपनी जान का डर सताने लगा। सोसाइटी में शोर सुनकर लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी ने धमकी दी।
पीडिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज हो चुका है। शिकायत के अनुसार सितंबर 2025 में भी इसी प्रकार की घटना हुई थी, जिसके संबंध में सेक्टर-56 थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने निजी वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस मामले में दबाव बनाया था। उसके बाद पीड़िता को अपनी शिकायत वापस लेनी पड़ी थी। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत के अनुसार पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें चोट लगने का उल्लेख किया गया है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं, सेक्टर-56 थाना पुलिस ने आरोपी रोनित यादव निवासी इंदिरापुरम,गाजियाबाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़िता के वकील मोहित वर्मा ने बताया आरोपी रोनित यादव दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत है और उसकी दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन पर तैनाती है। पीड़िता दिल्ली के एक कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रही है और उसकी वहीं पर आरोपी से दोस्ती हुई थी। पुलिस ने सिपाही रोनित यादव शनिवार गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर भेज दिया गया था। उसके बाद आरोपी ने जमानत याचिका कोर्ट में लगाई थी। बुधवार को कोर्ट में सुनवाई के बाद उसकी जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया।