डी.जे. पर डांस दौरान दूल्हे के जीजा ने बाराती को मारी गोली, गंभीर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 11:01 AM (IST)

रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले के गांव बेरवाल में शादी प्रोग्राम में डीजे पर नाचते समय दूल्हे के जीजा ने एक बाराती पर गोली चला दी। पैर मैं गोली लगने से बाराती गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद शादी कार्यक्रम में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में फेरे आदि कर दुल्हन व बारात को विदा किया गया।

रामपुरा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव बेरवाल के शमशेर सिंह ने बताया कि 4 दिसम्बर को उसकी भतीजी निक्की की शादी थी। बिलासपुर से आई बारात में दूल्हा का जीजा झज्जर के गांव हसनपुर का देशराज हाथ में पिस्तौल लहराते हुए डीजे पर मस्ती में नाच रहा था। जिसे देखकर एक बाराती नवल सिंह ने देशराज को ऐसा करने से रोकते हुए कहा कि पिस्तौल को अंदर रख लो। इससे हादसा हो सकता है। लेकिन मस्ती में चूर जीजा ने पिस्तौल को अंदर रखने की बजाए हवा में लहराना जारी रखा। आरोप है कि पिस्तौल लहराने से रोकने पर जीजा देशराज को गुस्सा आ गया और उसने नवल सिंह पर पिस्तौल तान दी। इससे पूर्व कि उसे कोई रोकता उसने गोली चला दी। गोली नवल सिंह के पैर में लगी। जिससे नवल सिंह वहीं लहूलुहान होकर गिर गया।

गोली चलने की घटना के बाद शादी कार्यक्रम में हड़कंप मच गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने डीजे को बंद करा दिया और दूल्हे को आनन-फानन में दुल्हन के घर भेज दिया और घायल नवल सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी देशराज के खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। नवल सिंह की हालात अभी खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद देशराज वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

   


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static