करनाल: मैडीकल कालेज की ओ.टी. में भिड़े डाक्टर,HOD पर गाली गलौज करने के आरोप
punjabkesari.in Sunday, Aug 21, 2022 - 09:26 AM (IST)

करनाल : कल्पना चावला राजकीय मैडीकल कालेज के एक डाक्टर ने हड्डी रोग विभाग के एच.ओ.डी. पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। डा. मोहित ने इसकी लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। के.सी.जी.एम.सी. के एसोसिएट प्रोफैसर डा. मोहित ने हड्डी रोग विभाग के एच.ओ.डी. डा. संतोष मुंडे पर धक्का देने के आरोप लगाए हैं।
डा. मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हड्डी रोग विभाग के एच.ओ.डी. डा. संतोष मुंडे शनिवार को सुबह ऑप्रेशन थियेटर में आए। गुस्से में उन्होंने उसकी कमीज पकड़कर उसे धक्का दिया। आरोप है कि उसके साथ गाली गलौज भी की गई। सूत्रों के अनुसार मौके पर मौजूद स्टाफ के कुछ सदस्यों ने लिखित में बयान दिए हैं। उनका कहना है कि डा. संतोष मुंडे ने डा. मोहित के साथ गलत व्यवहार किया है। डाक्टर मोहित ने एस.पी. को ई-मेल पर भी शिकायत भेजी है। बता दें कि मैडीकल कालेज के कार्यकारी डायरैक्टर डा. जगदीश दुरेजा शनिवार को छुट्टी पर चले गए। उनकी गैर मौजूदगी में डा. संतोष मुंडे को चार्ज सौंपा गया है।
ऑप्रेशन में 7 गुना अधिक बिल बनाया!
नाम नहीं छापने की शर्त पर मैडीकल कालेज के फोर्थ क्लास कर्मचारियों ने बताया कि डा. संतोष मुंडे ने गत दिनों एक मरीज का ऑप्रेशन किया था। उसका बिल करीब 50 हजार रुपए बनाया गया। वैंडर ने ऑप्रेशन में प्रत्यारोपण की राशि करीब साढ़े 6 गुना अधिक दिखाई है। वैंडर से डाक्टरों को कमीशन आती है। इसकी शिकायत डा. मोहित ने की थी। जिसके बाद से ही दोनों के बीच तनातनी का माहौल चल रहा था। शनिवार को डायरैक्टर के जाने के बाद चार्ज डा. संतोष मुंडे के पास आ गया। इसके बाद वह ओ.टी. में गए और डा. मोहित से भिड़ गए। बिल अधिक बनाने और कमीशन के आरोपों में कितनी सच्चाई है यह विभागीय जांच का विषय है। इस बारे में डा. संतोष मुंडे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
के.सी.जी.एम.सी. के हड्डी रोग विभाग में मरीजों को प्रत्यारोपण को लेकर पहले भी शिकायत हो चुकी है। इसकी जांच अभी तक पैंडिंग है। पहले की गई शिकायत में आरोप है कि हड्डी रोगों में 50 से अधिक प्रत्यारोपण का उपयोग किया जाता है। केवल एक डीलर का चयन किया गया है। क्योंकि उसकी बोली सभी मामलों में सबसे कम है। वह भी बिना इम्प्लांट अधिकृत कंपनी का उल्लेख किए जोकि अवैध है।
क्या कहना है HOD का
इस बारे में फोन पर बात करना उचित नहीं होगा। आप मैडीकल कालेज में आकर मिलिए। तभी इस बारे में बता पाऊंगा। के.सी.जी.एम.सी. के एसोसिएट प्रोफैसर डा. मोहित ने हड्डी रोग विभाग के एच.ओ.डी. डा. संतोष मुंडे