टिकैत ग्रुप के किसान नेता पर फायरिंग, टोल प्लाजा धरने पर जा रहे थे संधू
2/22/2021 4:48:01 PM

पिहोवा (संजीव): कुरुक्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत ग्रुप) के प्रदेश महासचिव जसतेज सिंह संधू पर सोमवार को बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि उन्हें कोई गोली नहीं लगी। वह सुरक्षित हैं। इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। जसतेज पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे हैं। किसान आंदोलन में वह पहले दिन से बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक हर रोज की तरह जसतेज सोमवार सुबह गांव थाना टोल प्लाजा धरने पर जा रहे थे। इस बीच जब जब वे गांव बेगपुर के पास पहुंचे तो बाइक सवार युवकों ने उन पर गोलियां बरसा दी, लेकिन गोलियां उनकी कार के अगले शीशे और ड्राइवर की तरफ के शीशे को तोड़ते हुए निकल गईं। फायरिंग करने के बाद युवक मौके से फरार हो गए।
इस फायरिंग जसतेज सिंह संधू बाल-बाल बच गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही गुमथला गढ़ू पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके साथ फॉरेन्सिक टीम भी मौके पर पहुंची।