पूर्व सरकारें एस.वाई.एल. के नाम पर करती हैं राजनीति : अभय

punjabkesari.in Wednesday, Jun 20, 2018 - 12:01 PM (IST)

रेवाड़ी(वधवा):  एस.वाई.एल. मुद्दे को लेकर इनैलो नेता अभय चौटाला के नेतृत्व में मंगलवार को जेल भरो आंदोलन के तहत रेवाड़ी में 11,163 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। जिनको मौके पर पहुंचे एस.डी.एम. जितेंद्र कुमार व डी.एस.पी. सतपाल ने रिहा भी कर दिया। शहर की नई अनाज मंडी में आयोजित रैली में भारी भीड़ उमड़ी और ऐसे में नगर में जाम की स्थिति बन गई। अभय चौटाला ने रैली में जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल को निशाने पर लिया। वहीं क्षेत्र के सांसद राव इंद्रजीत सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर बरसे। 
 

रैली को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने एस.वाई.एल. मुद्दे पर कहा कि मौजूदा और पूर्व की सरकारें सिर्फ एस.वाई.एल. के नाम पर राजनीति ही करती रही हैं लेकिन दक्षिणी हरियाणा की प्यास नहीं बुझा सकी। उन्होंने कहा जब तक दक्षिणी हरियाणा की धरती को एस.वाई.एल. का पानी नहीं मिलता, तब तक इनैलो और बसपा गठबंधन इस लड़ाई के लिए संघर्ष करता रहेगा।
 

रैली के दौरान टूटा मंच
रैली के लिए जिस मंच को तैयार किया गया था, उस पर दोनों दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा होने के कारण मंच टूट गया और सोफे पर बैठे अभय चौटाला सहित सभी नेता नीचे धसक गए। अभय चौटाला ने जैसे-तैसे संभले। मंच टूटने से अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षाकर्मी अलर्ट हो गए। तत्पश्चात मंच के सोफों व कुर्सियों को आगे-पीछे करके रैली शुरू की गई।

राव इंद्रजीत सिंह पर साधा निशाना
चौटाला ने गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र के सांसद राव इन्द्रजीत सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि सांसद अहीरवाल के हितों की लड़ाई लडऩे का दम भरते हैं लेकिन उन्होंने कभी भी लोकसभा व विधानसभा में एस.वाई.एल. का मुद्दा ही नहीं उठाया। यदि वे अहीरवाल के सच्चे हितैषी है तो इस लड़ाई के लिए हमारे साथ आएं और सरकार के खिलाफ संघर्ष में साथ दें। तभी दक्षिणी हरियाणा को उसके हिस्से का पानी मिलेगा। 
 

मुख्यमंत्री तो अपने विधायकों की भी नहीं सुनते : भारती 
पत्रकारों से बातचीत में बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री तो अपने विधायकों के कहने से तबादले भी नहीं करते। तबादले करवाने में नाकाम रहने के बाद भाजपा के कुछ विधायकों ने अभय सिंह चौटाला से संपर्क साधा और उन्होंने 15 मिनट में वे तबादले करवा दिए। इसकी पुष्टि के लिए जब चौटाला से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आप लोगों का कोई जायज काम हो तो मेरे पास आ जाना। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Recommended News

Related News

static